Betul suicide harassment case: शाहपुर (राष्ट्रीय जनादेश)। थाना क्षेत्र के ग्राम सोहागपुर ढाना निवासी युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक किसी लड़की से बातचीत करने को लेकर यह तीनों युवक मृतक को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। वहीं 12 मार्च को उसके साथ मारपीट भी की गई थी। 

पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है कि 18 मार्च को डायरी प्राप्त होने पर मर्ग जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मृतक देवेश वर्मा उर्फ गौतम पिता नर्मदाप्रसाद वर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम सोहागपुर ढाना थाना शाहपुर के पिता से पूछताछ की गई। उनके कथन अनुसार ग्राम के ही साहिल वर्मा एवं उसके साथी हिमांशु वर्मा, सिद्धार्थ रजने तथा निशांत उर्फ अन्नू सिनोटिया द्वारा पिछले लगभग 3 माह से मृतक को एक लड़की से बातचीत करने की बात को लेकर लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

बारात के दौरान की गई मारपीट 

यही नहीं 12 मार्च को ग्राम जामपानी में आयोजित एक बारात के दौरान भी उक्त आरोपियों द्वारा मृतक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उसे अपमानित एवं प्रताड़ित किया गया। घटना से आहत होकर मृतक देवेश वर्मा ने घर लौटकर अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली। परिजनों द्वारा तत्काल उपचार हेतु शाहपुर अस्पताल, तत्पश्चात जिला चिकित्सालय बैतूल एवं बाद में हमीदिया अस्पताल भोपाल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान 16 मार्च को उसकी मृत्यु हो गई।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार 

मर्ग जांच के आधार पर पाया गया कि आरोपियों द्वारा की गई लगातार शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के कारण मृतक ने आत्महत्या की । इस पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 108 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपी साहिल पिता पवन वर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी सोहागपुर ढाना, हिमांशु पिता परशुराम वर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम कुही थाना रानीपुर और निशांत उर्फ अन्नू पिता निधिश सिनोटिया उम्र 24 वर्ष निवासी सोहागपुर ढाना को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी सिद्धार्थ की गिरफ्तारी हेतु प्रयास जारी है। तीनों आरोपियों को 18 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।