Amla Junction Foot Over Bridge: विधायक डॉ. पंडाग्रे के रंग लाए प्रयास, आमला में ओवर ब्रिज निर्माण शुरू, जम्बाड़ा में प्लेटफॉर्म ऊंचाई बढ़ाने की मंजूरी जल्द
Amla Junction Foot Over Bridge: आमला (राष्ट्रीय जनादेश)। आमला-सारणी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे द्वारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आमला जंक्शन समेत विभिन्न स्टेशनों पर रेल सुविधाओं के विस्तार एवं संस्थागत अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों के क्रियान्वयन हेतु किए गए प्रयासों के परिणाम अब धरातल पर दिखने लगे हैं। उनके प्रयासों से आमला सहित अन्य स्टेशनों पर कई काम प्रारंभ हो चुके हैं तो कुछ स्वीकृत होने के बेहद करीब हैं।
पिछले दिनों निरीक्षण पर आए मध्य रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता, नागपुर डीआरएम विनायक गर्ग एवं अन्य उच्च अधिकारियों के समक्ष विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे द्वारा विभिन्न मांगें लिखित रूप में प्रस्तुत की गई थी। इस संदर्भ में मध्य रेल, नागपुर मंडल द्वारा लिखित उत्तर प्रेषित किया गया है। इसमें बताया गया है कि बढ़ाई चाल को मुख्य नगर से जोड़ने हेतु आमला जंक्शन पर फुट ओवर ब्रिज की मांग के संबंध में बताया गया है कि आमला जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना अंतर्गत 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसका एक स्पैन बढ़ाई चाल की ओर जोड़ा जाना प्रस्तावित है, जिसका कार्य प्रारंभ हो चुका है। विधायक डॉ. पंडाग्रे की दूसरी मांग के संबंध में रेल प्रशासन द्वारा बताया गया कि जम्बाड़ा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने का प्रस्ताव स्वीकृति की प्रक्रिया में है।
यात्री सुविधाओं का होगा विस्तार
बढ़ाई चाल की ओर फुट ओवर ब्रिज के निर्माण से बढ़ाई चाल एवं बल्ला चाल के रहवासी बिना किसी असुविधा के नगर के अन्य हिस्सों से जुड़ सकेंगे। साथ ही छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वहीं ग्राम रमली, नांदपुर, देवठान सहित अन्य ग्रामों के रेल यात्री बिना ट्रैक पार किए सुरक्षित रूप से रेलवे स्टेशन पहुंच सकेंगे। जम्बाड़ा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ने से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध होगी, जिससे जम्बाड़ा, जम्बाड़ी, सोनतलाई, नरेरा सहित अनेक ग्रामों के यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इन्होंने माना विधायक का आभार
आमला-सारणी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के प्रयासों से आमला जंक्शन पर बढ़ाई चाल की ओर फुट ओवर ब्रिज के विस्तार एवं जम्बाड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने संबंधी सहमति मिलने पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष रामकिशोर देशमुख के नेतृत्व में गुणवंत सिंह चड्डा, शिवपाल उबनारे, गोपेन्द्र सिंह, प्रदीप राजपूत, सुखदेव ठाकरे, मनोज कश्यप, अनिल यादव, शंकर गढ़ेकर, जोगेंद्र सिंह ठाकुर, नामु बारस्कर, आशीष सोनी एवं श्रीराम ठाकरे ने आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों से यह मांगें भी की गईं
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित जनप्रतिनिधि बैठक में मध्य रेल के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता एवं अन्य अधिकारियों के समक्ष विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के द्वारा रामकिशोर देशमुख, गणेश यादव, प्रदीप ठाकुर, गोपेन्द्र सिंह बघेल, मनोज विश्वकर्मा के प्रतिनिधि मंडल के साथ आमला जंक्शन पर स्वर्णजयंती एक्सप्रेस एवं समता एक्सप्रेस के ठहराव, नागपुर-भुसावल दादाजी धाम एक्सप्रेस को पुन: प्रारंभ करने, काचीगुड़ा-नरखेड़ इंटरसिटी एक्सप्रेस को आमला जंक्शन तक विस्तारित करने, आमला में रिक्त भूमि पर प्रस्तावित डिपो, अन्य रेल परियोजनाओं के क्रियान्वयन, आमला जंक्शन पर पैसेंजर कोच वाटरिंग सुविधा, गतिशक्ति परियोजना अंतर्गत अमृत भारत स्टेशन से संबंधित कार्यों में गुणवत्ता एवं गति लाने, फुट ओवर ब्रिज को बढ़ाई चाल की ओर विस्तारित करने, बल्लाचल में शेष सड़क निर्माण, जम्बाड़ा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने तथा बोरदेही स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने का आग्रह किया गया था।

घर चलाने वाले पुरुषों के लिए चाणक्य की सलाह, आज के दौर के हिसाब से नहीं बदलेंगे ये 6 आदतें तो हमेशा के लिए हो जाएंगे अयोग्य
Gas Shortage Betul Impact: गैस संकट से भट्टी-सिगड़ी युग की वापसी, दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट
Betul Trenching Ground Cleaning: सीएमओ की सख्ती: 10 दिन में साफ होगा ट्रेंचिंग ग्राउंड, नई जगह शिफ्ट की तैयारी