► मालवीय-आहूजा-कपूर-भद्रे परिवार के सदस्यों से की मुलाकात

Narendra Singh Tomar Betul Visit: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मंगलवार को बैतूल प्रवास पर थे। बैतूल पहुंचने के बाद श्री तोमर सर्वप्रथम भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने स्व. सुरभि खण्डेलवाल को श्रद्धासुमन अर्पित कर खण्डेलवाल परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की। इसके बाद श्री तोमर बैतूल में मालवीय, आहूजा, कपूर और भदे्र परिवार के बीच पहुंचे और सभी के परिजनों से मुलाकात की। 

विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर इसके बाद सबसे पहले सिने एवं पेट्रोलियम व्यवसायी विवेक मालवीय के निवास पर पहुंचे। जहां पर प्रेमशंकर मालवीय, आलोक मालवीय सहित मालवीय परिवार के सभी सदस्यों ने उनकी आत्मीय अगवानी की। मालवीय परिवार के दामाद भूषण पवैया (ग्वालियर) भी इस दौरान मौजूद रहे। आधे घंटे की इस मुलाकात के दौरान पारिवारिक चर्चाएं भी हुई।

इसके बाद श्री तोमर अपने काफिले के साथ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र कपूर के निवास पहुंचे। वहां से श्री तोमर पूर्व सांसद स्व. सुभाष आहूजा के निवास ताप्ती टॉवर पहुंचे यहां उन्होंने स्व. सुभाष आहूजा के परिजनों से मुलाकात की और स्व. आहूजा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। 

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर अपने काफिले के साथ इसके पश्चात भदे्र निवास पहुंचे जहां पर उन्होंने विशाल भद्रे की सुपुत्री प्रिशा को आशीर्वाद दिया एवं विशाल-सचिन भदे्र के पिता शंकरराव भद्रे का हालचाल जाना। भद्रे परिवार के सदस्यों ने श्री तोमर द्वारा दिए गए स्नेह और आशीर्वाद के लिए उनका आभार माना। इस दौरान श्री तोमर के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार, पूर्व विधायक अलकेश आर्य, भाजपा नेता अमित पटेल, दीपू सलूजा, राजू शर्मा, प्रमुख कपड़ा व्यवसायी बिट्टू बोथरा, क्रेसर व्यवसायी गौरव पटेल भी मौजूद थे।