Kharif Loan Zero Interest Scheme: बैतूल(राष्ट्रीय जनादेश)। सहकारी बैंकों से खरीफ फसलों के लिए खाद, बीज सहित नगद राशि लेने वाले किसानों को अब 28 मार्च तक राशि जमा करने पर भी जीरो प्रतिशत ब्याज का लाभ मिलेगा। पूर्व में जीरो प्रतिशत ब्याज का लाभ लेने राशि जमा करने की अंतिम तारीख 15 मार्च थी। रबी फसलों की कटाई नहीं होने से किसानों को परेशानी हो रही थी। दैनिक राष्ट्रीय जनादेश ने किसान हित में सबसे पहले 13 मार्च के अंक में 50 हजार किसान पर मंडराया 7 प्रतिशत ब्याज का खतरा शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद तारीख बढ़ाने जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा द्वारा प्रदर्शन भी किया था। अंतत: सरकार ने अंतिम तारीख 13 दिन बढ़ाकर 28 मार्च तक कर दी है जिससे किसान अब 28 मार्च तक बकाया राशि जमा कर जीरो प्रतिशत ब्याज योजना का लाभ उठा सकते हैं। इससे जिले के लगभग 50 हजार बकायादार किसानों को 13 दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है। 

सहकारी समिति बैंकों के माध्यम से किसानों द्वारा खरीफ फसलों के लिए बीज, खाद और नगद राशि ली गई थी। उक्त ऋण किसानों द्वारा 1 अप्रैल 2025 से 30 सितम्बर 2025 तक लिया गया था। ऋण का भुगतान करने की अंतिम तारीख 15 मार्च 2026 निर्धारित की गई थी। 15 मार्च के पूर्व बकाया राशि जमा करने पर ही किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज योजना का लाभ मिल पाता अन्यथा ऋण लेने की दिनांक से 15 मार्च तक 7 प्रतिशत और 15 मार्च से ऋण जमा करने तक 12 प्रतिशत वार्षिक दर से ब्याज जमा करना पड़ता। 

जिले में 50 हजार किसानों पर है बकाया

जिले में लगभग 81 हजार किसानों ने खरीफ फसलों के लिए लगभग 3 अरब 63 करोड़ रुपए का ऋण लिया था। इसमें से 28 फरवरी तक  लगभग 31 हजार किसानों ने 1 अरब 55 करोड़ का ऋण चुकाया था। लगभग 50 हजार किसानों पर 2 अरब 8 करोड़ रुपए बाकी है जन पर 7 प्रतिशत और फिर 12 प्रतिशत ब्याज भरने का खतरा मंडरा रहा था। दैनिक राष्ट्रीय जनादेश ने 13 मार्च के अंक में किसान हित में उक्त मुद्दा उठाते हुए प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था और सरकार से ऋण जमा करने ड्यू डेट बढ़ाने की मांग की थी। 

अब 28 मार्च तक बढ़ाई ड्यू डेट

सरकार द्वारा किसानों को राहत देते हुए खरीफ फसलों का ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 15 मार्च से बढ़ाकर 28 मार्च कर दी गई है। जिला सहकारी बैंक बैतूल की सीईओ सुश्री परिधि अग्रवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि खरीफ फसलों के बकायादार किसान अब 28 मार्च तक ऋण राशि जमा कर सकते हैं। 28 मार्च तक संपूर्ण बकाया राशि जमा करने पर उन्हें किसी प्रकार का ब्याज नहीं देना होगा। जो किसान 28 मार्च तक भी बकाया राशि जमा नहीं करेंगे उन्हें ऋण लेने की तारीख से 28 मार्च तक 7 प्रतिशत और 28 मार्च से ऋण जमा करने की तारीख तक 12 प्रतिशत ब्याज चुकाना पड़ेगा। सुश्री अग्रवाल ने सभी बकायादार किसानों से 28 मार्च के पूर्व खरीफ फसलों की बकाया राशि जमा करने की अपील की है।