Betul Property Guideline Rate: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। एक अप्रैल से लागू होने वाली जिले की नई गाइड लाइन लगभग फाइनल हो चुकी है। प्रस्तावित गाइड लाइन पर कोई भी सुझाव किसी के द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया है। जिससे यह अनंतिम गाइड लाइन ही लागू होगी। अब इसे केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड भोपाल का अनुमोदन भर मिलना बाकी है। 

हर साल अचल संपत्ति (प्रॉपर्टी) के भाव का निर्धारण होता है। फरवरी के महीने में ही गाइड लाइन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। सबसे पहले उप जिला मूल्यांकन समितियों से प्रस्ताव मंगवाए जाते हैं। इन प्रस्तावों पर जिला मूल्यांकन समिति द्वारा विचार कर अनुमोदन किया जाता है। इसके पश्चात ये दरें जनसामान्य के अवलोकन हेतु अनुविभागीय अधिकारी एवं उप पंजीयक कार्यालय बैतूल, मुलताई एवं भैंसदेही के सूचना पटल पर उपलब्ध कराई जाती है। इस साल भी अनंतिम गाइड लाइन का जिला स्तर पर अनुमोदन कर आम लोगों के अवलोकन हेतु उपलब्ध कराई गई थी।

इस गाइड लाइन पर लोगों के सुझाव 13 मार्च तक मांगे गए थे। लेकिन, प्रस्तावित गाइड लाइन पर एक भी सुझाव नहीं आया है। यही कारण है कि अब यह प्रस्तावित गाइड लाइन ही फाइनल मानी जाएगी। अब इस पर केवल केंद्रीय मूल्यांकन समिति भोपाल का अनुमोदन भर मिलना है। भोपाल से अनुमोदन मिलने के बाद एक अप्रैल से नई गाइड लाइन लागू हो जाएगी। 

1823 लोकेशनों पर महंगी होगी जमीन

जिला पंजीयक दिनेश कौशले ने बताया कि जिले में स्थित कुल 2093 लोकेशनों में से 1823 लोकेशनों पर दरों में वृद्धि की जा रही है। औसतन 6.46 प्रतिशत की वृद्धि इन लोकेशनों पर हो रही है। सबसे ज्यादा 100 प्रतिशत की वृद्धि मुलताई और दुनावा क्षेत्र की 3 लोकेशनों पर हो रही है। शेष लोकेशनों पर 0 से लेकर 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो रही है। बीते साल 1144 लोकेशनों पर दरों में वृद्धि की गई थी। 

अप्रैल से पहले रजिस्ट्री कराने की होड़

अप्रैल से जमीन के भाव बढ़ने के कारण सभी चाहते हैं कि इससे पहले ही प्रॉपर्टी की खरीदी कर ली जाए। इससे उनकी काफी बचत हो जाती है। यही कारण है कि मार्च के पहले जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए लोग उमड़ रहे हैं। एक अप्रैल से बढ़ी हुई दरों के हिसाब से शुल्क अदा करने में ज्यादा राशि खर्च करना होगा।