17Betul Liquor Shop Auction: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। साल 2026 के लिए जिले की शराब दुकानों को नीलाम करने चल रही टेंडर प्रक्रिया में अब तक हुई नीलामी से जहां जिले में शराब ठेकेदारी की मोनोपॉली खत्म होने से सुरा प्रेमी खुश नजर आ रहे हैं। वहीं शराब दुकानों की नीलामी से विभाग का खजाना भी लगातार बढ़ रहा है। जिले की 61 शराब दुकानों में से तीसरे चरण के बाद 41 शराब दुकानों की नीलामी 207 करोड़ रुपये से अधिक में हो गई है। 

जिले में अभी भी 111 करोड़ रुपये की 20 शराब दुकानों की नीलामी होना बाकी है। यदि ये सभी दुकानें ऑफसेट प्राइस पर भी नीलाम हो जाती है तो विभाग को लगभग 318 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होगा। यह गत वर्ष की नीलामी राशि 253 करोड़ रुपये से लगभग 65 करोड़ रुपये अधिक होगी। टेंडर प्रक्रिया के चौथे चरण में आज 111 करोड़ 92 लाख 91 हजार 276 रुपये ऑफसेट प्राइस के 8 ग्रुपों की 20 शराब दुकानों के टेंडर खुलेंगे। 

जिले में स्थित 61 शराब दुकानों के साल 2026-27 में संचालन के लिए चल रही टेंडर प्रक्रिया ने आबकारी विभाग को मालामाल कर दिया है। गत वर्ष सभी 61 शराब दुकानें लगभग 253 करोड़ रुपये में नीलाम हुई थी। विभाग द्वारा इस साल गत वर्ष की राशि में 20 प्रतिशत राशि बढ़ाकर ऑफसेट प्राइस निर्धारित की गई, जो 304 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक हो गई थी। शुरू में लग रहा था कि ऑफसेट प्राइस में 20 प्रतिशत वृद्धि करने से जिले में शायद ही किसी शराब दुकान का ठेका हो और विभाग को बाद में दुकानें नीलाम करने ऑफसेट प्राइस कम करना पड़े। 

207 करोड़ में नीलाम हुई 192 करोड़ की दुकानें 

आबकारी विभाग द्वारा साल 2026-27 के लिए गत वर्ष की नीलामी राशि में 20 प्रतिशत बढ़ाकर ऑफसेट प्राइस तय की गई थी। 27 फरवरी से शुरू हुई टेंडर प्रक्रिया में पहले चरण के तीनों बैच के साथ ही दूसरे और तीसरे चरण में भी किसी न किसी ग्रुप का टेंडर हुआ है। अब तक हुई नीलामी प्रक्रिया के तीन चरण में 10 ग्रुपों के टेंडर हो चुके हैं। इन 10 ग्रुपों की ऑफसेट प्राइस लगभग 192 करोड़ रुपये थी, जिनके टेंडर 7.78 प्रतिशत अधिक 207 करोड़ रुपये में हो गए हैं। जबकि गत वर्ष जिले की सभी दुकानों के टेंडर लगभग 253 करोड़ में हुए थे। अभी भी 111 करोड़ रुपये से अधिक के टेंडर होना बाकी है। यदि सभी दुकानों के टेंडर हो गए तो इस साल जिले की शराब दुकानों से आबकारी विभाग को रिकॉर्ड 318 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होगा। 

आज खुलेंगे 8 ग्रुपों के टेंडर 

जिले में अनसोल्ड रही 20 शराब दुकानों के 8 ग्रुप बनाए गए हैं। इनकी टेंडर प्रक्रिया जारी है। इसके लिए इच्छुक ठेकेदार आज शाम 4 बजे तक ई-टेंडर ओपन होने की कार्यवाही शुरू होगी। चतुर्थ चरण में आज बैतूल गंज समूह के साथ ही बैतूल बाजार, भैंसदेही, खेड़ी सांवलीगढ़, बगडोना, शोभापुर, आमला क्रमांक 1, और आमला क्रमांक 2 ग्रुप के टेंडर खुलेंगे।