Betul Municipal Tax Recovery: नेशनल लोक अदालत में वसूली का रिकॉर्ड: एक दिन में 1.15 करोड़ जमा, भर गया नगर पालिका बैतूल का खजाना
Betul Municipal Tax Recovery: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बीते कई महीनों से आर्थिक रूप से तंगहाली से जूझ रही नगर पालिका बैतूल के लिए नेशनल लोक अदालत एक बड़ी सौगात साबित हुई। लोक अदालत में नगर पालिका ने वसूली का रिकॉर्ड ही बना डाला। नपा को लोक अदालत के जरिए महज एक दिन में 1.15 करोड़ से ज्यादा का राजस्व मिला। संभवत: एक दिन में हुई यह सर्वाधिक वसूली है। इसके साथ ही कुल वसूली का आंकड़ा भी काफी बेहतर हो गया है। यह उपलब्धि इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि सीएमओ के नहीं होने से कर्मचारियों ने अपने दम पर यह बड़ी सफलता हासिल की है।
नगर की राजस्व शाखा का अमला ही नहीं बल्कि सभी कर्मचारी भी नेशनल लोक अदालत से काफी उम्मीदें लगाए हुए थे। राजस्व शाखा को कहां अधिक से अधिक वसूली करके अपनी परफॉरमेंस बेहतर दिखाना था वहीं अन्य कर्मचारी इसलिए उम्मीदें लगाए हुए थे कि अच्छी वसूली होने पर उनका वेतन समय पर हो जाएगा। शनिवार को हुई नेशनल लोक अदालत ने इन सभी की उम्मीदों को पूरा किया है। लोक अदालत में नपा की इतनी वसूली हो गई, जितनी अपेक्षा खुद नपा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी शायद ही की होगी।
लोक अदालत से मिला इतना राजस्व
शनिवार को हुई लोक अदालत में नगर पालिका की कुल 1 करोड़, 15 लाख, 92 हजार, 557 रुपये की वसूली हुई है। इसमें सबसे ज्यादा वसूली संपत्ति कर की हुई है। संपत्ति कर के रूप में नगर पालिका को 79 लाख, 27 हजार, 422 रुपये प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा जल कर के रूप में 30 लाख, 94 हजार, 348 रुपये प्राप्त हुए। वहीं दुकान-भवन किराया के रूप में 5 लाख, 70 हजार, 787 रुपये नगर पालिका को मिले हैं। जिले में एक दिन में इतनी वसूली शायद ही जिले के किसी और निकाय तो दूर खुद बैतूल नगर पालिका में भी शायद ही हुई हो।

कुल वसूली का आंकड़ा भी खासा बढ़ा
लोक अदालत में रिकॉर्ड वसूली के साथ ही नपा की कुल वसूली का आंकड़ा भी खासा बढ़ गया है। अब इस वित्त वर्ष में नपा की कुल वसूली 7 करोड़, 57 लाख, 96 हजार, 736 रुपये हो गई है। इसमें संपत्ति कर 5 करोड़, 36 लाख, 48 हजार, 243 रुपये, जल कर 1 करोड़, 76 लाख, 51 हजार, 423 रुपये और दुकान-भवन किराया 44 लाख, 97 हजार, 70 रुपये शामिल हैं। फरवरी माह के आखिर तक यह आंकड़ा मात्र 5 करोड़, 10 लाख, 15 हजार, 659 रुपये तक पहुंच सका था।
इस साल के लिए इतनी है डिमांड
नगर पालिका को इस साल कुल 11 करोड़, 67 लाख, 80 हजार, 790 रुपये की वसूली करना है। यह वसूली 1 अप्रैल से 31 मार्च तक की जाती है। फरवरी माह तक इतनी कम राशि ही वसूल होने से यह उम्मीद किसी को नहीं थी कि 7 करोड़ रुपये तक भी यह आंकड़ा पहुंच पाएगा, लेकिन नेशनल लोक अदालत ने चमत्कार ही कर दिया। अब नपा की कुल वसूली 65 प्रतिशत के लगभग हो चुकी है। अभी 15 दिनों से ज्यादा का समय बचा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि यह आंकड़ा 70 प्रतिशत से ऊपर पहुंच जाएगा।
बगैर सेनापति के हासिल की उपलब्धि
नगर पालिका की उपलब्धि इसलिए भी मायने रखती है कि बीते कई दिनों से नगर पालिका में सीएमओ नहीं है। ऐसे में राजस्व शाखा प्रभारी ब्रजकिशोर परते और सहायक प्रभारी अखिल राय के नेतृत्व में राजस्व शाखा की पूरी टीम ने कमाल करते हुए शानदार वसूली का रिकॉर्ड बना लिया। यह बेहतरीन वसूली होने के कारण अब राजस्व शाखा की टीम खासी उत्साहित है और मार्च महीने के बचे हुए दिनों में भी ज्यादा से ज्यादा वसूली करने के प्रयास करेगी।

केरल में पीएम मोदी का तीखा हमला: ‘अब गांधी वाली कांग्रेस खत्म
Electric Current Death Betul: करंट बिछाने की लापरवाही ने ली जान, पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, पटरी पर लौटी 14 ट्रेनें
अमेरिकी सांसदों का MATCH एक्ट पेश, चीन की सेमीकंडक्टर पहुंच पर रोक
ईरान युद्ध के बीच कुवैत की सरकारी तेल रिफाइनरी पर तीसरी बार हमला
MP में गैस किल्लत के बीच ठगी, 30 सिलेंडर लेकर कर्मचारी फरार