Tax Recovery Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शनिवार हुई नेशनल लोक अदालत आर्थिक तंगी से जूझ रही बैतूल नगर पालिका के लिए संजीवनी साबित हुई। नेशनल लोक अदालत में एक ही दिन में 75 लाख रुपये से ज्यादा का टैक्स जमा हो गया है। देर शाम तक भी यहां लंबी कतार लगी थी और फाइनल आंकड़ा करीब एक करोड़ तक जाने की संभावना है। 

नगर पालिका को इस साल कुल 11 करोड़, 67 लाख, 80 हजार, 790 रुपये की वसूली करना था। मार्च का महीना वित्त वर्ष का आखरी महीना होता है, लेकिन फरवरी माह तक नगर पालिका की वसूली 5 करोड़, 10 लाख, 15 हजार, 659 रुपये ही हो सकी थी। यही कारण है कि नगर पालिका की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। यहां तक कि कर्मचारियों को बीते कई महीनों से समय पर वेतन का भुगतान तक नहीं हो पा रहा है। इन हालातों में सभी नेशनल लोक अदालत से आस लगाए हुए थे। उनकी यह आस आज पूरी भी हुई है। 

दिन भर लगी रही लंबी कतारें 

नेशनल लोक अदालत के जरिए अपना टैक्स जमा करने वालों की आज दिन भर नगर पालिका में लंबी कतार लगी रही। स्थिति यह थी कि टैक्स जमा करने वाले कर्मचारी रसीद बना-बना कर थक गए। देर शाम तक भी लोगों की लंबी कतार यहां लगी रही। रात तक लोग यहां मौजूद रहे और अपना-अपना टैक्स जमा कराया। 

एक दिन में 75 लाख रुपये जमा 

नगर पालिका की राजस्व शाखा के अधिकारियों का अनुमान है कि आज शाम तक ही वसूली का आंकड़ा 75 लाख रुपये से ज्यादा पहुंच गया है। देर शाम में भी लोगों की लंबी कतार लगी थी। ऐसे में संभावना यह भी जताई जा रही है कि केवल आज एक दिन की वसूली का यह आंकड़ा एक करोड़ तक भी पहुंच सकता है। 

इसलिए करते हैं अदालत का इंतजार 

नेशनल लोक अदालत का इंतजार लोग इसलिए भी करते हैं क्योंकि पुराने बकाया टैक्स पर इसमें छूट मिल जाती है। 50 हजार रुपये तक की बकाया राशि पर अधिभार में पूरी-पूरी छूट मिलती है वहीं इससे ज्यादा राशि पर अलग-अलग प्रतिशत में छूट मिलती है। इससे लोगों की काफी बचत हो जाती है। दूसरी ओर नपा को अपनी अटकी हुई राशि मिल जाती है। 

नपा ने रखे थे इतने मामले 

नगर पालिका ने नेशनल लोक अदालत में पुराने बकाया टैक्स के 2000 से ज्यादा प्रकरण रखे थे। इनमें संपत्ति कर के ही लगभग 800 और जल कर के करीब 700 मामले शामिल थे। इनमें से अधिकांश लोग आज पहुंचे और उन्होंने अधिभार में माफी का फायदा उठाया। इसके अलावा चालू वर्ष के टैक्स बकाया वाले भी बड़ी संख्या में पहुंचे और उन्होंने भी अपने बकाया टैक्स अदा किए।