Domestic LPG Misuse in Hotels: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। मध्य पूर्व में तनाव के मद्देनजर प्रदेश में 3 दिनों से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई नहीं हो रही है। इससे अब होटलों, ढाबों और रेस्टारेंटों में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग शुरू हो गया है। इसके चलते आज खाद्य विभाग के संयुक्त जांच दल ने कई होटलों, ढाबों और रेस्टारेंटों की जांच की। इस दौरान घरेलू सिलेंडरों का उपयोग होता पाया गया। जांच दल ने कार्रवाई के दौरान 8 सिलेंडर जब्त किए हैं। इधर खाद्य विभाग अब उन संस्थानों और विभागों को कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए डिमांड भिजवा रहा है, जो कि आपातकालीन सेवाओं में लगे हैं। 

गौरतलब है कि पिछले 3 दिनों से न कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई हो रही है और न ही ये वितरित किए जा रहे हैं। इससे वे कामकाज पूरी तरह से ठप हो गए हैं जो कि रसोई गैस आधारित थे। होटल, ढाबों का तो कारोबार ही चौपट हो गया है। जिले में हर महीने करीब 400 कमर्शियल सिलेंडरों की खपत होती है। इनकी सप्लाई रोक देने से कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ कारोबारियों ने कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने पर घरेलू सिलेंडरों का उपयोग करना चालू कर दिया है। वहीं कुछ तो पहले से ही अवैध रूप से घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल उपयोग करते आ रहे थे। इधर दिक्कत बढ़ने पर खाद्य विभाग ने अब जांच-पड़ताल शुरू की है ताकि घरेलू सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यवसायिक उपयोग न किया जाएं ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। 

शहर की होटलों पर मारा दल ने छापा 

खाद्य विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ममता सिरसाम, धर्मदास दीवान और आशीष कुमरे की टीम ने आज बैतूल स्थित होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंटों की जांच की। इस दौरान सूरज स्वीट बैतूल गंज, एबी रेस्टोरेंट बैतूल गंज, दक्ष मसाला डोसा चौपाटी, मोहन चाइनीज सेंटर चौपाटी, टॉप चाट सेंटर चौपाटी, ठाकरे भोजनालय बैतूल गंज और मामा शालीमार रेस्टोरेंट गंज से कुल 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने बताया कि भविष्य में भी जांच जारी रहेगी। 

जिले में रोज 7500 सिलेंडरों की खपत

जिले में 2 लाख 10 हजार उज्जवला और 1 लाख 37 हजार नॉन उज्जवला इस तरह कुल 3 लाख 47 हजार कनेक्शन हैं। जिले में 27 गैस एजेंसियां हैं। जिले में प्रतिदिन 7500 सिलेंडरों की खपत होती है। अधिकारियों के अनुसार अभी केवल कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई भर रोकी गई है। घरेलू सिलेंडरों की पहले की तरह सुचारू सप्लाई जारी हैं। इसलिए दिक्कत जैसी कोई बात नहीं है। लोगों को घबराने की बिल्कुल जरुरत नहीं है। 

इन्हें मुहैया कराएंगे कमर्शियल सिलेंडर 

इधर कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रूकने से कई ऐसी संस्थाओं और विभागों का काम भी प्रभावित हो रहा है जो कि जरुरी सेवाओं में लगे हैं। जिला अस्पताल, एसएएफ कैंटीन, दीनदयाल रसोई, आमला रेलवे कैंटीन, आईआरसीटीसी की कैंटीन आदि को सिलेंडर मुहैया कराना बेहद आवश्यक है। इन्हें करीब 188 सिलेंडरों की जरुरत होती है। यही कारण है कि खाद्य विभाग ने इन्हें कमर्शियल सिलेंडर मुहैया कराने के लिए आला अफसरों से डिमांड की है।