Surabhi Khandelwal Death: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि का निधन, भाई वरद ने दी मुखाग्नि
Surabhi Khandelwal Death: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा आरडी पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती रितु खण्डेलवाल की पुत्री सुरभि खण्डेलवाल (34) का बुधवार को हृदय गति रूकने से निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा सिविल लाइंस स्थित निज निवास चंद्रमौली से निकाली गई। अंतिम संस्कार कोठीबाजार मोक्षधाम में किया गया। मुखाग्नि सुरभि के भाई वरद खण्डेलवाल ने दी। निधन पर मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और राजनेताओं ने शोक जताया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि एक स्पेशल चाइल्ड थीं। वे लंबे समय से बीमार थीं। बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे उनकी रूटीन फिजियोथेरेपी हुई। इसके कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। दोपहर करीब 12 बजे उनका निधन हो गया। बेटी के निधन की खबर मिलते ही श्री खंडेलवाल भोपाल से बैतूल पहुंचे। उनके बैतूल पहुंचने पर अंतिम यात्रा निकली। कोठी बाजार मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें मुखाग्नि उनके भाई वरद खंडेलवाल ने दी।
अंतिम संस्कार में प्रमुख रूप से नर्मदापुरम विधायक सीताशरण शर्मा, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार, हरदा भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरूआ, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी सुयश त्यागी, संजय नगाइच, बैतूल जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी वीरेंद्र जैन, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार सहित बड़ी संख्या में प्रदेश भाजपा संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता, पत्रकार, चिकित्सक, व्यापारी, सामाजिक बंधु, ईष्टमित्र और शुभचिंतक शामिल हुए। कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय डागा भी खंडेलवाल निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। सुरभि के निधन का समाचार मिलते ही शोक संवेदनाएं व्यक्त करने श्री खण्डेलवाल के निवास पर लोगों का तांता लगना प्रारंभ हो गया था।
इलाज के बाद हुआ था हालत में सुधार
आचार्य विवेक जैन ने काफी समय से सुरभि को एक्यूपंक्चर और नेचुरोपैथी दे रहे थे। वे बताते हैं कि सुरभि के शरीर में लगातार अकड़न रहती थी, जिसका इलाज नेचुरोपैथी और एक्यूप्रेशर से किया गया। इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था। वे चलने-फिरने लगी थीं। सुरभि का काफी समय से इलाज चल रहा था। वे बोल नहीं पाती थीं, लेकिन हाव-भाव से काफी समझदार और होश में थीं।
इलाज के बाद हंसी, इशारों में की बात
आचार्य जैन के अनुसार आज फिर से उनकी एक्यूप्रेशर थेरेपी हुई। इलाज के बाद वे हंसीं और वहां मौजूद लोगों से इशारों में बातचीत की। थोड़ी देर बाद खाना खाया, फिर अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री और राजनेताओं ने जताया शोक
सुरभि के निधन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व केबिनेट मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शोक जताया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा कि भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि खंडेलवाल के निधन का समाचार हृदय व्यथित करने वाला है। बेटी का जाना घर को सूना कर देता है। इस गहन दु:ख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं हेमंत जी और शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर बेटी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति।
पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने शोक संदेश में कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री, सुरभि खंडेलवाल के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति दें।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने शोक संदेश में कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद और मर्मांतक है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं श्री हेमंत जी एवं समस्त शोकाकुल परिवार के साथ है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

योगेश्वर रूप में जीवन का दर्शन देते हैं भगवान श्रीकृष्ण