Domestic LPG Commercial Use Ban: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की आपूर्ति पर भारी असर पड़ा है। देश में कई राज्यों में कमर्शियल सिलेंडरों का वितरण इसके चलते फिलहाल रोक दिया गया है और केवल घरेलू सिलेंडर दिए जा रहे हैं। इसे लेकर बैतूल में भी सतर्कता बरतना शुरू कर दिया गया है। 

जिले में अभी तक ऐसा कोई आदेश तो जारी नहीं हुआ है कि कमर्शियल सिलेंडर नहीं दिए जाएंगे, लेकिन इस बात पर नजर रखी जा रही है कि कहीं होटलों, दुकानों और अन्य स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग तो नहीं किया जा रहा है। हालांकि यह नियम तो पहले से हैं, लेकिन संकट जैसी स्थिति नहीं होने से इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जा रहा था।

अब चूंकि भविष्य में रसोई गैस मिलने के मामले में थोड़ी दिक्कत हो सकती है, इसलिए अब इस बात पर ध्यान दिया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग न हो ताकि लोगों को घरेलू उपयोग के लिए सिलेंडर मिलने में दिक्कत न आए। खाद्य विभाग द्वारा इसके लिए चौकसी बढ़ाई जाएगी और चेकिंग भी शुरू की जाएगी। 

सिलेंडर बुकिंग का पीरियड भी बढ़ा 

अब गैस सिलेंडर बुक कराने का पीरियड भी बढ़ा दिया गया है। अभी तक एक उपभोक्ता 15 दिन में दूसरा सिलेंडर बुक करवा सकता था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। अब एक सिलेंडर लेने के बाद अगला सिलेंडर 25 दिनों तक बुक नहीं करवाया जा सकेगा। इसके अलावा एक कार्ड पर 15 से ज्यादा सिलेंडर भी नहीं दिए जा सकेंगे। 

जिले में इतने कनेक्शन और एजेंसी 

उल्लेखनीय है कि जिले में 2 लाख 11 हजार गैस कनेक्शन उज्ज्वला योजना के हैं। इसके अलावा 1 लाख 37 हजार सामान्य उपभोक्ता है। इस तरह जिले में कुल 3.47 कनेक्शन हैं। इसके अलावा कुल 27 गैस एजेंसियां हैं। विभाग द्वारा जिले में सिलेंडरों की खपत, स्टॉक और कंपनियों से सिलेंडरों की आपूर्ति की स्थिति की जानकारी भी जुटाई जा रही है।