Nandan Yadav MGNREGA Fraud: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। भाजपा के पाढर मंडल अध्यक्ष नंदन यादव एवं उनकी पत्नी द्वारा मनरेगा में मजदूरी करने की जानकारी मिलने पर एकबारगी तो ऐसा लगा कि वे कितने ईमानदार हैं जो मंडल अध्यक्ष पद पर रहने के बावजूद पत्नी के साथ मनरेगा में मजदूरी करने जा रहे हैं। लेकिन, जब इसकी विस्तृत जानकारी ली और मामले की तह में पहुंचे तो भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदन यादव मल्टीटैलेंटेड निकले। वे न सिर्फ मनरेगा में मजदूरी कर रहे हैं बल्कि जरुरत पड़ने पर राजमिस्त्री का काम भी कर लेते हैं। वह भी एक ही समय में दो अलग-अलग स्थानों में काम कर मजदूरी ले रहे हैं।

श्री यादव एवं उनकी पत्नी द्वारा जनवरी माह में ही 10 से 20 जनवरी तक अमृत भारत सरोवर में मजदूरी करने के साथ ही इसी अवधि में ग्राम पंचायत मेंढापानी द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना के तहत पुलिया निर्माण कार्य में राजमिस्त्री का कार्य भी कर रहे हैं। इस काम में उनकी पत्नी नंदनी यादव भी मजदूरी कर रही है। एक ही तारीख में एक ही व्यक्ति दो अलग-अलग शासकीय कार्यों में मजदूरी कर भुगतान प्राप्त कर रहा है। इससे साफ जाहिर होता है कि वे या तो दबाव डालकर फर्जी हाजरी भरवाकर मजदूरों का हक मार रहे हैं। वहीं जिले में मनरेगा सहित अन्य योजनाओं में फर्जी मजदूरी भरने का कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। 

एक ही समय में 2 अलग-अलग कामों में निकाली मजदूरी 

घोड़ाडोंगरी विधानसभा अंतर्गत भाजपा के पाढर मंडल अध्यक्ष नंदन यादव एवं उनकी पत्नी नंदनी यादव घोड़ाडोंगरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मेंढापानी के ग्राम मर्दवानी रैयत में मनरेगा योजना से बन रहे अमृत सरोवर तालाब में 26 दिसंबर से 5 मार्च 2026 तक लगातार मजदूरी कर रहे हैं। मनरेगा की साइट पर इस कार्य के मस्टररोल में नंदन यादव द्वारा 9 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक 7 दिन, 16 जनवरी से 22 जनवरी 2026 तक भी मजदूरी की। इस अवधि में उनकी पत्नी श्रीमती नंदनी यादव द्वारा भी मजदूरी की गई। उक्त कार्य की एजेंसी आरइएस विभाग है। जिनके द्वारा मस्टररोल तैयार कर मजदूरी दी गई है। 

इसी अवधि में किया पुलिया निर्माण में राजमिस्त्री का काम 

भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदन यादव और उनकी पत्नी नंदनी यादव ने 10 जनवरी से 19 जनवरी 2026 तक मुख्यमं9ी ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना के तहत ग्राम पंचायत मेंढापानी द्वारा ग्राम मर्दवानी माल में भारत के घर के पास कल्वर्ट (पुलिया) निर्माण में भी काम किया गया है। इस काम में नंदन यादव द्वारा 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से राजमिस्त्री का कार्य किया गया है। इसका भुगतान उन्हें बिल आईडी 17299542 दिनांक 25 जनवरी 2026 बिल नंबर 2 द्वारा उनके बैंक एकाउंट में किया गया है। पुलिया निर्माण कार्य में मंडल अध्यक्ष की पत्नी नंदनी यादव द्वारा 10 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक 15 दिन मजदूरी का कार्य किया गया। नंदनी यादव को बिल आईडी 17299558 दिनांक 25 जनवरी 2026 बिल नंबर 2 से भुगतान किया गया। 

फर्जी हाजरी भरवा रहे मंडल अध्यक्ष 

इससे यह तो साफ जाहिर हो रहा है कि डबल इंजर की सरकार में भाजपा के पदाधिकारी शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों पर दबाव डालकर फर्जी हजारी भरवा कर मजदूरी की राशि हजम कर रहे हैं। इसमें वे यह तक ध्यान नहीं रख रहे हैं कि एक ही तारीख में 2 अलग-अलग गांव में चल रहे निर्माण कार्यों में कैसे मजदूरी कर सकते हैं। इस मामले से अंतिम छोर के व्यक्ति के विकास की बात करने वाली भाजपा की कथनी और करनी की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही है। इतना ही नहीं भाजपाई पदाधिकारियों द्वारा फर्जी हाजरी भरने से असली मजदूरों का हक मारा जा रहा है एवं उन्हें काम की तलाश में बाहर जाने मजबूर होना पड़ रहा है।