Betul Breaking News: भाजपा मंडल अध्यक्ष की अनोखी मिसाल: पत्नी के साथ मजदूरी कर चला रहे परिवार
Betul Breaking News: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। इस समय डबल इंजन की सरकार का चारों तरफ डंका बज रहा है। ऐसे में भाजपाई जनप्रतिनिधियों ही नहीं बल्कि पार्टी पदाधिकारियों तक पर विभिन्न तरीकों से अनाप-शनाप धन कमाने के आरोप आए दिन लग रहे हैं। ऐसे आरोपों की जद में मंडल अध्यक्ष तक प्रमुखता से आ रहे हैं। कुछ मंडल अध्यक्षों की बदली लाइफ स्टाइल भी इसका प्रमाण खुद दे रही है। ऐसा लगता है जैसे इनके हाथों कुबेर का खजाना लग गया है। पहले जहां इन्हें बाइक तक नसीब नहीं होती थी, वहीं अब वे लग्जरी फोर व्हीलर से नीचे नहीं उतर रहे हैं, तो कुछ के झोपड़ीनुमा मकान अब आलीशान विशाल महलों में तब्दील हो चुके हैं। वहीं कुछ दोनों हाथों से दौलत बटोर रहे हैं।
इन सबके बीच, क्या आप यकीन करेंगे कि कोई मंडल अध्यक्ष ऐसा भी हो सकता है जो कि अपना घर-परिवार चलाने के लिए पत्नी सहित मजदूरी करने को मजबूर है? आप इस पर शायद ही यकीन करें, लेकिन यह एक हकीकत है और सच्चाई देखना है तो घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेंढापानी के मस्टर रोल और अन्य दस्तावेज देखे जा सकते हैं। यह दस्तावेज चीख-चीख कर यह हकीकत बता रहे हैं कि एक भाजपा मंडल अध्यक्ष अपनी पत्नी सहित बिना कोई छुट्टी मनाए लगातार काम कर रहे हैं ताकि उनके परिवार का गुजर बसर ठीक से हो सके।
आखिर कौन हैं ये ईमानदार अध्यक्ष
अब आप जानना चाहेंगे कि यह ईमानदार, कर्मठ और सिद्धांतवादी मंडल अध्यक्ष कौन है? तो हम आपको बता दें कि यह ईमानदार मंडल अध्यक्ष हैं भाजपा के पाढर मंडल अध्यक्ष नंदन यादव। वे अपनी पत्नी के साथ ग्राम पंचायत मेंढापानी के ग्राम मर्दवानी रैयत में एकांश के खेत के पास बन रहे अमृत सरोवर तालाब में विगत 26 दिसंबर से लगातार मजदूरी कर रहे हैं।

कर्मठता इतनी कि छुट्टी भी नहीं ली
श्री यादव इतने कर्मठ है और ईमानदारी से ही इतनी कमाई कर लेना चाहते हैं कि उन्हें किसी और का मोहताज न होना पड़े। यही कारण है कि वे सरकारी छुट्टियों और त्योहारों के दिनों में भी लगातार काम कर रहे हैं। पंचायत के रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने अन्य अवकाश के दिनों को तो छोड़ो, राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस और हाल ही में होली और धुरेंडी पर्व तक पर भी छुट्टी ली न त्योहार मनाया। इसकी जगह इन दिनों में भी वे मजदूरी पर जाते रहे।
वर्ष 2024 में हुई थी पार्टी में नियुक्तियां
देश और दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी का तमगा हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी में साल 2024 में हुए संगठन चुनाव में मंडल, जिला, प्रदेश अध्यक्ष तक नियुक्त किए गए हैं। संगठन चुनाव के दौरान घोड़ाडोंगरी विधानसभा अंतर्गत पाढर मंडल में स्थानीय विधायक श्रीमती गंगा उइके के करीबी माने जाने वाले ग्राम मर्दवानी निवासी नंदन यादव को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। यह देख कर सभी को लग रहा था कि अब इनके भी दिन फिर जाएंगे, लेकिन हुआ उसके उलट। नियुक्ति के बाद से ही उन्हें मजदूरी करके काम चलाना पड़ रहा है।
रोजगार मुहैया चलाने चल रही योजना
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को गांव में ही काम उपलब्ध कराने चलाई जा रही मनरेगा (अब वीबी जी राम जी) योजना के तहत घोड़ाडोंगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मेंढापानी के ग्राम मर्दवानी रैयत में एकांश के खेत के पास अमृत सरोवर तालाब निर्माण कार्य चल रहा है। इसका क्रमांक 1731/डब्ल्यूसी/220/2035314117 है। मनरेगा की साइट ओपन कर जब इस कार्य में मजदूरी करने वाले मजदूरों की जानकारी निकाली गई तो इसमें आश्चर्यजनक रूप से भाजपा मंडल पाढर के अध्यक्ष नंदन यादव एवं उनकी पत्नी श्रीमती नंदनी यादव का नाम भी मजदूरों की सूची में शामिल पाया गया। दोनों ही के द्वारा 26 दिसंबर 2025 से 5 मार्च 2026 तक लगातार मजदूरी की गई है। इससे इनकी स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
बेचारे त्योहारों पर भी नहीं रूके घर
भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदन यादव और उनकी पत्नी नंदनी यादव ने मजदूरी करने के दौरान न तो राष्ट्रीय पर्व पर छुट्टी ली और न ही महाशिवरात्रि, होली, धुरेंडी पर्व पर अवकाश लिया। दोनों के द्वारा 23 जनवरी से 5 फरवरी तक लगातार 14-14 दिन तक कार्य किया गया। इस दौरान गणतंत्र दिस 26 जनवरी पर राष्ट्रीय पर्व के दिन भी वे मजदूरी करने गए थे। इतना ही नहीं 2 मार्च को होली पर्व और 4 मार्च को धुरेंडी पर्व पर भी श्री यादव और उनकी पत्नी घर पर रहकर त्योहार मनाने के बदले मजदूरी करने गए थे। इसका भुगतान उनके बैंक ऑफ महाराष्ट्र पाढर स्थित खाते में किया गया है।

ईरान का अमेरिकी कंपनियों पर निशाना: प्रेशर पॉलिटिक्स या बदले की रणनीति?
जिंदा महिला को कागजों में मृत बताया, पौने दो बीघा जमीन हड़पने का आरोप; कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए