Lunar Eclipse 3 March 2026: होली पर बनेगा ब्लड मून का दुर्लभ संयोग, जानें कब और कहां दिखेगा चंद्रग्रहण
Lunar Eclipse 3 March 2026: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। होली के रंगों के बीच चंद्रमा भी तामिया लाल सा दिखकर होली खेलने जा रहा है। आज (3 मार्च मंगलवार) पूर्णिमा पर पूर्ण चंद्रग्रहण की खगोलीय घटना होने जा रही है। इसमें चंद्रमा पृथ्वी की पूर्ण छाया में से होकर गुजरेगा, जिससे यह गहरे लाल या तांबे जैसे रंग का दिखाई देगा।
नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि भारत में इसे आंशिक चंद्रग्रहण के रूप में शाम को केवल कुछ मिनिट के लिये ही देखा जा सकेगा। यह ग्रहण ग्रस्तोदय के रूप में नजर आयेगा, जिसमें चंद्रोदय के समय ही चंद्रमा पर ग्रहण लगा हुआ होगा। चंद्रग्रहण की यह घटना एशिया, आस्ट्रेलिया, नार्थ अमेरिका के शहरों में दिखाई देगी।
सारिका ने बताया कि वैसे तो ग्रहण की शुरूआत दोपहर लगभग 3 बजकर 20 मिनिट से हो चुकी होगी, लेकिन तब भारत में चंद्रोदय नहीं हुआ होगा। आंशिक ग्रहण की समाप्ति शाम 6 बजकर 47 मिनिट पर होगी। इसके पहले जिन नगरों में चंद्रोदय हो चुका होगा, उनमें ग्रहण को कुछ मिनिट के लिये देखा जा सकेगा। पूर्वोत्तर के नगरों में इसे अधिक देर तक देखा जा सकेगा, क्योंकि वहां सूर्यास्त पहले होने पर चंद्रोदय जल्दी होगा । मध्यप्रदेश के सिंगरौली में यह सबसे पहले 06.01 बजे दिखना शुरू होगा तो पश्चिम में स्थित आलीराजपुर में यह 06.37 पर दिखना आरंभ होगा। यह इस साल का पहला चंद्रग्रहण होगा।
इसलिए कहा जा रहा ब्लड मून
सारिका ने बताया कि पूर्ण चंद्र ग्रहण को ब्लड मून भी कहा जा रहा है क्योंकि चंद्रमा और सूर्य के बीच पृथ्वी के आ जाने से पृथ्वी का वायुमंडल सूर्य की नीली रोशनी को बिखेर देगा और केवल लाल प्रकाश ही चंद्रमा तक पहुंचेगा जिससे वह तामिया लाल दिख रहा होगा।
देख सकते हैं बिना खास चश्मे के
सारिका ने बताया कि चंद्रग्रहण को बिना किसी विशेष चश्मे के आंखों से सुरक्षित रूप से देखा जा सकता है। इस ग्रहण का कुछ न कुछ भाग विश्व के लगभग 63 प्रतिशत लोग देख सकेंगे।
कब कहां शुरू होगा चंद्रग्रहण दिखना
अलग-अलग जिलों में चंद्रग्रहण दिखना अलग-अलग समय में शुरू होगा। सिंगरौली में शाम 06:01, सीधी में 06:04, अनूपपुर में 06:06, शहडोल और रीवा में 06:07, डिंडौरी में 06:09, सतना में 06:09, कटनी और पन्ना में 06:11, मंडला में 06:12, जबलपुर, दमोह और बालाघाट में 06:13, उमरिया, भिंड और छतरपुर में 06:14, सिवनी में 06:15, नरसिंहपुर में 06:16, टीकमगढ़, दतिया, सागर और छिंदवाड़ा में 06:18, ग्वालियर में 06:19, मुरैना में 06:20, शिवपुरी में 06:21, रायसेन, विदिशा बैतूल और अशोकनगर में 06:22, नर्मदापुरम, श्योपुर और पांढ़ुरना में 06: 23, भोपाल में 06:24, हरदा, सीहोर में 06:25, शाजापुर में 06:28, खंडवा, आगरमालवा और बुरहानपुर में 06:29, उज्जैन, इंदौर, देवास में 06:30, खरगौन, धार, रतलाम और मंदसौर में 06:33, राजगढ़ में 06:34, बड़वानी, नीमच में 06:35, झाबुआ में 06:36, आलीराजपुर में शाम 06:37 बजे ग्रहण दिखना शुरू होगा।
ऐसा रहेगा चंद्र ग्रहण का टाइम टेबल
| चंद्रग्रहण | समय |
| आंशिक ग्रहण आरंभ | दोपहर 3 बजकर 20 मिनिट 07 सेकंड |
| पूर्णग्रहण आरंभ | दोपहर 4 बजकर 34 मिनिट 34 सेकंड |
| पूर्णग्रहण समाप्ति | सायं 5 बजकर 32 मिनिट 49 सेकंड |
| आंशिक ग्रहण समाप्ति | सायं 6 बजकर 47 मिनिट 15 सेकंड |
| पूर्णग्रहण की अवधि | 58 मिनिट |

कुवैत में वित्त मंत्रालय और तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमले