Government Holidays March 2026: लगातार छुट्टियों का हफ्ता: कर्मचारियों की मौज, पुलिस और शिक्षकों की बढ़ी ड्यूटी
Government Holidays March 2026: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। इस सप्ताह की शुरूआत आज सोमवार को वर्किंग डे से भले ही हुई है, लेकिन इसके बाद छुट्टियां ही छुट्टियां हैं। आलम यह है कि मात्र एक दिन की छुट्टी लेकर सरकारी कर्मचारी पूरे छह दिन की छुट्टियों का लुत्फ ले सकेंगे। यह बात अलग है कि थोकबंद छुट्टियों वाले इस सप्ताह में भी पुलिस और शिक्षकों की फजीहत तय है। वे सभी छुट्टियों का मजा नहीं ले सकेंगे। खासतौर से पुलिस को तो इस दौरान दोहरा काम करना होगा।
गौरतलब है कि प्रदेश शासन ने पहले होली का अवकाश 3 मार्च को घोषित किया था। इस बीच चंद्रग्रहण के कारण 4 मार्च को धुरेंडी पर्व मनाने का सुझाव ज्योतिषियों द्वारा दिया गया है। यही कारण है कि धुरेंडी का यह पर्व अधिकांश जगह अब 4 मार्च को मनाया जाएगा। इसे देखते हुए प्रदेश शासन ने 3 मार्च के साथ 4 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। इधर जिले में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा जो 3 स्थानीय अवकाश घोषित किए गए हैं, उनमें एक अवकाश 5 मार्च को है। यह अवकाश भाईदूज के उपलक्ष्य में घोषित किया गया है। इस तरह जिले में मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को लगातार अवकाश रहेंगे। इसके बाद केवल शुक्रवार को वर्किंग डे आ रहा है। ऐसे में जो कर्मचारी शुक्रवार का भी अवकाश ले लेंगे, उन्हें लगातार छह दिनों की छुट्टियां मिल जाएंगी।
कई कर्मचारियों ने ले लिया है अवकाश
लंबी छुट्टियां मनाने का यह मौका कई कर्मचारी बिल्कुल नहीं छोड़ रहे हैं। इसलिए जैसे ही शासन ने 4 मार्च के भी अवकाश की घोषणा की, वैसे ही कई कर्मचारियों ने 6 मार्च यानी शुक्रवार का भी अवकाश ले लिया है। इससे उन्हें लगातार 6 दिन की छुट्टियां मिल रही है क्योंकि शनिवार और रविवार को अवकाश रहता ही है। इन 6 दिनों में कोई जहां अपने घरेलू पेंडिंग काम निपटाएंगे तो कुछ सैर-सपाटा के लिए निकलने की योजना बना रहे हैं।
शिक्षकों को अवकाश पर भी छुट्टी नहीं
इधर शिक्षकों को स्थानीय अवकाश घोषित होने के बावजूद 5 मार्च को छुट्टी मनाने को नहीं मिलेगी। इसकी वजह यह है कि उस दिन विभिन्न कक्षाओं की वार्षिक और बोर्ड परीक्षाएं होना है। 5 मार्च को कक्षा 12वीं की भूगोल, क्रॉप प्रोडक्शन एंड हार्टिकल्चर, स्टिल लाइफ एंड डिजाइन, शरीर रचना क्रिया-विज्ञान एवं स्वास्थ्य विषयों के पेपर होने हैं। इसी तरह कक्षा 11वीं का राजनीति और कक्षा 9वीं का संस्कृत का पेपर होगा। इसके अलावा बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं मूल्यांकन भी लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय अवकाश निरस्त करने की मांग
यही कारण है कि शिक्षक 5 मार्च के स्थानीय अवकाश को लेकर निराश नजर आ रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि एक तो उन्हें गिनी-चुनी छुट्टियां मिल पाती है। ऐसे में परीक्षाओं के बीच स्थानीय अवकाश घोषित करने से उन्हें इस अवकाश का लाभ नहीं मिल पाएगा। यही कारण है कि उनकी यह मांग भी है कि इस 5 मार्च के स्थानीय अवकाश को निरस्त कर अन्य किसी पर्व का अवकाश घोषित किया जाएं ताकि सभी कर्मचारियों को उसका लाभ मिल सके।
पुलिस विभाग की रहेगी भारी व्यस्तता
एक ओर अन्य सरकारी कर्मचारी जहां लगातार छुट्टियों का लुत्फ लेते रहेंगे, उस बीच पुलिस महकमे की भारी व्यस्तता रहेगी। भले ही चंद्रग्रहण के कारण अभी 3 मार्च को धुरेंडी नहीं मनाने की बात कही जा रही है, लेकिन जरुरी नहीं कि हर कोई यह बात मानेंगे ही। भले ही चंद्रग्रहण है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस को धुरेंडी पर्व के दिन जितनी चौकस रहना होता है, उतनी ही चौकस रहना होगा। आज शाम से ही होली के मद्देनजर पुलिस तैनात हो जाएगी। ऐसे में पुलिस को 3 मार्च को भी चौकस रहना होगा और 4 मार्च को भी उतनी ही चौकस रहना होगा। इस बार धुरेंडी पर पुलिस को लगातार 2 दिनों तक ड्यूटी करना होगा। जबकि अन्य वर्षों में एक दिन में ही सब कुछ निपट जाता था।

सावधान! वैशाख शुरू होने से पहले ये 5 वास्तु गलती नहीं सुधारी तो घर में बढ़ सकती है आर्थिक तंगी
राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (31 मार्च 2026)
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महावीर जयंती पर श्रमण मुनि 108 संभव सागर जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया
अब पेट्रोल पंपों पर भी मिलेगा केरोसिन, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला