Drunk Driving Action: त्योहारों में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, एसपी की सख्त चेतावनी
Drunk Driving Action: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। आगामी त्योहारों होली, धुरेंडी, रंग पंचमी, गुड़ी पड़वा, रामनवमी एवं ईद के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के मद्देनजर जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु, व्यापारी एवं पत्रकारों की उपस्थिति में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी ने पुलिस प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। इधर पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने भी होली के मद्देनजर जिलेवासियों से अपील करते हुए चेतावनी भी दी है।
जारी अपील में उन्होंने कहा है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और त्योहार की खुशियां लापरवाही से दुर्घटना में न बदलें। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। होलिका दहन निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर ही करें। इसके लिए बिजली के तारों, ट्रांसफार्मर एवं मुख्य मार्गों से दूर स्थान का चयन करें। यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखें। इसके अलावा होली और धुरेंडी के दौरान जबरन रंग न लगाएं।

दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें। तीन सवारी न चलाएं एवं स्टंटबाजी से बचें। डीजे या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय सीमा में ही करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें। कार्यक्रमों के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, सत्यापित जानकारी के लिए पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने अपील की है कि सभी त्योहार आपसी सौहार्द, शांति एवं जिम्मेदारी के साथ मनाएं। किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर पुलिस सदैव आपकी सेवा में तत्पर है। इसके लिए निकटतम थाना अथवा डायल 100 पर संपर्क करें।

Betul Rain News: बैतूल में रिमझिम से मिली राहत, अच्छी पैदावार के लिए अब तेज बारिश की आस
Shahpur Theft Case: पांच महीने बाद चोरी का खुलासा, नरसिंहपुर का आरोपी गिरफ्तार, साथी पर 10 हजार का इनाम