Betul BJP Core Committee: जिला भाजपा की नई 13 सदस्यीय कोर कमेटी तय, अलकेश आर्य की वापसी
Betul BJP Core Committee: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जिला कोर ग्रुप का नया स्वरूप तय कर सभी जिलों से जानकारी मंगवाई है। कोर ग्रुप के नए स्वरूप के बाद अब जिला भाजपा बैतूल का कोर ग्रुप 13 सदस्यीय हो जाएगा। जिला कोर ग्रुप में लंबे समय बाद पूर्व विधायक अलकेश आर्य की वापसी हो रही है। जिला भाजपा संगठन द्वारा प्रदेश से मंगवाए गए निर्धारित प्रोफार्मा में जिला भाजपा कोर ग्रुप की जानकारी भेज दी गई है। प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा जिला भाजपा कोर ग्रुप की घोषणा की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा संगठन गतिविधियों में सुधार के लिए नित नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा जिला कोर ग्रुप का स्वरूप भी बदल दिया गया है। इसमें जिले में निवासरत सांसद, राज्यसभा सांसद, विधायक, मंत्री, संभागीय प्रभारी, जिला प्रभारी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, दूसरे जिले के प्रभारी, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और प्रकोष्ठ संयोजकों को शामिल किया जाना है।

बैतूल जिले में रहेंगे 13 सदस्य
भाजपा संगठन द्वारा निर्धारित किए गए पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों का बैतूल जिला भाजपा कोर ग्रुप 13 सदस्यों का रहेगा। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, सांसद डीडी उइके, प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, चंद्रशेखर देशमुख, श्रीमती गंगा उइके, महेंद्र सिंह चौहान, संभागीय प्रभारी कांतदेव सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा), जिला प्रभारी सुदर्शन गुप्ता (पूर्व विधायक इंदौर), भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, अन्य जिले के प्रभारी में नर्मदापुरम जिला प्रभारी अलकेश आर्य, छिंदवाड़ा जिला प्रभारी एवं निवृत्तमान भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला शामिल रहेंगे।
13 पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि पात्र
इस संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार का कहना है कि प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा नए स्वरूप में जिला कोर ग्रुप का गठन करने निर्धारित प्रोफार्मा में जानकारी मांगी गई थी। यह जानकारी प्रदेश संगठन को भेज दी गई है। जिले में जिला कोर ग्रुप में 13 पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि पात्र हैं। जिला कोर ग्रुप की घोषणा प्रदेश संगठन द्वारा की जाएगी।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए