Betul Jail Woman Inmate Incident: पति की हत्या की आरोपी महिला ने जेल में निगले कांच की चूड़ी के टुकड़े, हालत गंभीर
Betul Jail Woman Inmate Incident: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। तीन लोगों के साथ पति की हत्या करने में शामिल होने के आरोप में जिला जेल में बंद एक महिला ने चूड़ी को तोड़कर उसके टुकड़े पीसकर निकल लिए। महिला की हालत गंभीर होते ही जेल प्रशासन में हड़कम्प मच गया था। आनन-फानन में महिला बंदी को जिला अस्पताल लाकर आईसीयू में भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर कर दिया है।
पति की हत्या के आरोप में है बंद
जिला जेल के प्रभारी जेलर योगेश शर्मा ने बताया कि पूनम पति राजू उइके (35), निवासी ग्राम घोघरी, शनिवार सुबह लगभग 10:30 बजे जेल परिसर में थी। इसी दौरान उसने चूडियों को तोडकऱ उनके टुकड़े निगल लिए। महिला की हालत बिगड़ते देख जेल कर्मचारियों ने तुरंत उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई। उन्होंने बताया कि पूनम अपने पति की हत्या के मामले में आरोपी है और 17 दिसंबर 2025 से जिला जेल में बंद है। घटना के बाद जेल प्रशासन द्वारा उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भोपाल किया रेफर
डॉक्टरों के अनुसार चूडिय़ों के टुकड़े पेट में पहुंचने से महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उसे आगे उपचार हेतु भोपाल रेफर किया जा रहा है। फिलहाल महिला की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद जेल में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रभारी जेलर योगेश शर्मा का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
18 नं. बैरक में थी महिला बंदी
विचाराधीन बंदी पूनम पति राजू (35), निवासी घोघरी, शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बैरक में थी। उस वक्त बैरक में 18 अन्य महिला कैदी भी मौजूद थीं, लेकिन किसी को खबर नहीं हुई और पूनम ने कांच की चूडिय़ों को पीसकर निगल लिया। कुछ देर बाद जब उसकी हालत बिगडऩे लगी, तब जेल प्रहरियों को घटना का पता चला। जेल के नियमों के अनुसार, किसी भी कैदी को जेल में प्रवेश देने से पहले कड़ा, कंघी, धागा, कलावा और चूड़ी जैसी वस्तुएं उतरवा ली जाती हैं। प्रभारी जेलर योगेश शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के कड़े मानदंडों के बावजूद पूनम के पास कांच की चूड़ी कैसे पहुंची, यह गंभीर जांच का विषय है। मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
आपराधिक है महिला का रिकार्ड
प्रभारी जेलर श्री शर्मा ने बताया कि पूनम उईके का आपराधिक रिकॉर्ड और निजी जीवन काफी उलझा हुआ है। पूनम को 18 दिसंबर 2025 को अपने पति राजू उईके की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसने महाराष्ट्र के तीन युवकों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। ऐसी चर्चा है कि पूनम का बॉयफ्रेंड भी इसी जेल में बंद है। प्रभारी जेलर के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि पूनम ने आत्मग्लानि या किसी मानसिक तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया है। इस घटना के बाद जेल प्रशासन ने महिला बैरक की निगरानी और बढ़ा दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या पूनम पर किसी तरह का दबाव था या यह केवल डिप्रेशन का मामला है। फिलहाल, पुलिस और जेल प्रशासन महिला के स्वस्थ होने का इंतजार कर रहा है, ताकि उसके विस्तृत बयान लिए जा सकें।

LSG vs DC मैच आज: संभावित प्लेइंग XI, पिच रिपोर्ट और कौन मारेगा बाजी
बंगाल चुनाव से पहले विदेशी मुद्रा का बड़ा जखीरा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
उत्तर भारत में बेमौसम बारिश से फसलें बुरी तरह प्रभावित, 19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट