Betul Trenching Ground Case: ट्रेंचिंग ग्राउंड घोटाले में बड़ी कार्रवाई: हेमंत खंडेलवाल की शिकायत पर CMO और सब इंजीनियर सस्पेंड
Betul Trenching Ground Case: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। ट्रेंचिंग ग्राउंड मामले में भारी अनियमितताओं को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के शिकायती पत्र पर बड़ा एक्शन हुआ है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने इस मामले में नगर पालिका बैतूल के सीएमओ सतीश मटसेनिया तथा उपयंत्री जतिन पाल को सस्पेंड कर दिया है। आयुक्त की इस बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
बैतूल के गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट डंप साइट रेमेडिएशन प्रोजेक्ट के तहत 6 करोड़ से ज्यादा का ठेका दिया गया है। भारी भरकम राशि का ठेका होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही थी। इसके चलते उस क्षेत्र के लोगों द्वारा आए दिन धरना प्रदर्शन किया जाता रहा है। निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य नहीं होने के बावजूद नगर पालिका परिषद द्वारा ठेकेदार को करीब 2.40 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। 'राष्ट्रीय जनादेश' द्वारा प्रमुखता से इस मुद्दे को लगातार उठाया गया। इसके बाद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा पूरे मामले की जांच करने एक उच्च स्तरीय जांच दल गठित किया गया था।
विधायक हेमंत खंडेलवाल ने लिखा था पत्र
ट्रेंचिंग ग्राउंड की लगातार शिकायतें मिलने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने विगत 19 फरवरी को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के एसीएस को पत्र लिखकर ट्रेंचिंग ग्राउंड में चल रही अनियमितताओं और इस संबंध में मिल रही शिकायतों से अवगत कराया था। उन्होंने इस मामले में हुई जांच में पाए गए तथ्यों के दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की थी। उनके पत्र लिखे जाने के बाद से ही संभावना जताई जा रही थी कि इस मामले में जल्द बड़ी कार्रवाई होगी।
आयुक्त ने स्वयं किया था निरीक्षण
इधर श्री खंडेलवाल के पत्र लिखने के बाद 21 फरवरी को स्वयं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे बैतूल पहुंचे थे और ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया था। श्री खंडेलवाल के पत्र लिखने के तुरंत बाद आयुक्त द्वारा आनन फानन में बैतूल का दौरा किए जाने से ही स्पष्ट हो गया था कि इस मामले में जल्द बड़ी कार्रवाई की जाएगी। आज यह संभावना पूरी तरह से सही भी साबित हो गई है।
इन पर गिरी निलंबन की गाज
इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त श्री भोंडवे द्वारा नगर पालिका परिषद बैतूल में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी सतीश मटसेनिया तथा उपयंत्री जतिन पाल को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में श्री मटसेनिया का मुख्यालय कार्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, संभाग नर्मदापुरम रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। इसी प्रकार निलंबन अवधि में उपयंत्री जतिन पाल का मुख्यालय भी संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, संभाग नर्मदापुरम रहेगा और उन्हें भी नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
जांच में सामने आई थी अनियमितता
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड मामले में कराई गई जांच में यहां भारी अनियमितताएं किए जाने की बात सामने आई थी। जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा निविदा शर्तों के अनुरूप कार्य निष्पादन नहीं होने के बावजूद ठेकेदार को अनियमित रूप से भुगतान किया गया। बहरहाल, इस कार्रवाई से नगरीय निकायों में हड़कंप मचा है।

Colony Rest of Land Betul: कॉलोनियों की ‘रेस्ट ऑफ लैंड’ होगी अब नपा के नाम, अवैध बिक्री पर लगेगी रोक
राशिफल 6 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
पीएम आवास से साकार हुआ सपना: कांति को मिला अपना आशियाना
मरीज को मिला समय पर उपचार, सुकमा के चिकित्सकों की टीम ने दिखाई तत्परता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की
पशुपालन की विभिन्न योजनाओं से किसान होंगे आत्मनिर्भर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव