Betul Mango Production: मौसम अनुकूल रहा तो इस साल बैतूल में आम की बंपर पैदावार, आम आदमी भी ले सकेंगे भरपूर आनंद
Betul Mango Production: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। आम का नाम सुनते ही हर आम और खास के मन में रसीले आमों की यादें ताजा हो जाती है। आम हो या खास, वृद्ध हो या बच्चे, लगभग सभी को आम बेहद पसंद हैं और इसीलिए आम फलों का राजा कहलाता है। आम के पेड़ में जनवरी-फरवरी माह से बौर लगना शुरू हो जाती है। मार्च-अप्रैल में कैरी और मई-जून में पके आमों की आवक होती है। आम की फसल कम होने पर इसके दाम अधिक हो जाते हैं और यह खास लोग ही इसे खरीद पाते हैं। लेकिन इस साल आम का बंपर उत्पादन होने की संभावना है। वर्तमान में आम के लगभग ८० फीसदी पेड़ बौर से लदे हुए हैं। आम के पेड़ों में इस साल इतनी अधिक बौर आई है कि हरी पत्तियां पूरी तरह ढंक गई हैं, जिससे पूरा पेड़ पीला नजर आ रहा है। अब यदि आम लगने तक मौसम अनुकूल रहा तो इस साल आम की बंपर पैदावार होगी और आम लोग भी आसानी से आम खरीदकर इसके रसीले स्वाद का आनंद ले सकेंगे।
पिछले कुछ सालों से आम की पैदावार में बैतूल जिले की गिनती आम उत्पादक जिलों में होने लगी है। जिले में बहुतायत में होने वाला गाजरिया आम की डिमांड तो प्रदेश और प्रदेश के बाहर भी रहती है। इसके साथ ही लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, तोतापरी, नीलम आम की प्रजातियां भी बहुतायत में होती है। इस साल कुछ पेड़ों में दिसम्बर माह से ही बौर आने लगी थी, लेकिन अब तो आम के लगभग सभी पेड़ बौर से लद गए हैं। पेड़ों में जितनी बौर लगी है, उतने आम आ गए तो इस साल आम की भरमार हो जाएगी।
आम की बौर वैसे तो प्रतिवर्ष अधिक ही आती हैं, लेकिन बसंत पंचमी के दौरान चलने वाली तेज हवाओं और महाशिवरात्रि के समय आंधी, बारिश, ओलावृष्टि आदि से आम की अधिकतर बौर झड़ जाती है। जिससे आम की पैदावार कम होती है और दाम अधिक होने से आम आदमी की जद से बाहर हो जाता है। इस साल बसंत पंचमी और महाशिवरात्रि पर्व निकल गए हैं। जिले में कुछ स्थानों को छोड़ दे तो कहीं भी मौसम खराब नहीं हुआ है। आम के पेड़ बौर से लदे हुए हैं। अब यदि होली पर मौसम खराब नहीं हुआ और जितनी बौर आई है, उसमें आम लग गए तो इस साल आम की इतनी अधिक फसल आएगी कि आम लोग भी टोकनियों से आम खरीद पाएंगे।

Colony Rest of Land Betul: कॉलोनियों की ‘रेस्ट ऑफ लैंड’ होगी अब नपा के नाम, अवैध बिक्री पर लगेगी रोक
राशिफल 6 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
पीएम आवास से साकार हुआ सपना: कांति को मिला अपना आशियाना
मरीज को मिला समय पर उपचार, सुकमा के चिकित्सकों की टीम ने दिखाई तत्परता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की