Ladli Behna Yojana Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। प्रदेश ही नहीं देश की सबसे लोकप्रिय योजनाओं में से एक मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाएं जिले में भी कम हो रही हैं। अभी तक जिले में 11355 लाड़ली बहनें इस योजना से हट या हटाई जा चुकी हैं। वहीं 527 हितग्राही महिलाएं ऐसी हैं जिन्होंने स्वयं ही लाभ परित्याग किया। दूसरी ओर बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं भी हैं जो कि पात्र होने के बाद भी रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं होने से लाभ नहीं ले पा रही हैं। 

लाड़ली बहना योजना 25 मार्च 2023 से शुरू हुई थी। इसके लिए मार्च और अप्रैल 2023 में पंजीयन कराया गया था। हितग्राहियों को पहली किस्त 10 जून 2023 को जारी की गई थी। बैतूल जिले में योजना के तहत कुल 281527 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की जांच-पड़ताल में 418 महिलाएं अपात्र पाई गई थी। शेष को लाभ देना शुरू किया गया। हालांकि इसके बाद विभिन्न कारणों से हितग्राही महिलाएं कम होती गईं। 

आयु सीमा के कारण सबसे ज्यादा घटी

इस योजना में सबसे ज्यादा महिलाएं आयु सीमा के कारण कम हुई हैं। योजना में प्रावधान है कि 60 साल की उम्र तक की महिलाओं को ही इसका लाभ दिया जाएगा। इसके चलते महिला के 60 साल की आयु पूरी करते ही उन्हें योजना का लाभ देना बंद कर दिया जाता है। जिले में 1 जनवरी 2024 को 3186, 1 जनवरी 2025 को 2993 और 1 जनवरी 2026 को 2899 महिलाएं आयु सीमा के कारण योजना से हटाई गई है। 60 साल के बाद अन्य योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाता है। इसलिए यह प्रावधान रखा गया है। 

मृत्यु के कारण 941 बहनें हुईं बाहर 

चूंकि यह योजना हितग्राही आधारित है, इसलिए हितग्राही की मृत्यु के बाद लाभ मिलना बंद हो जाता है। जिले में योजना शुरू होने के बाद से अभी तक 941 हितग्राही महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है। यह महिलाएं भी योजना से हट चुकी हैं। इनके अलावा समग्र से डिलीट होने से 514 और आधार को समग्र से डीलिंक के कारण 295 महिलाओं को लाभ नहीं मिल रहा है। हालांकि समग्र और आधार के मामले में सुधार कराने पर योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाता है। 

रजिस्ट्रेशन शुरू होने का बेसब्री से है इंतजार 

जिले में भी ऐसी महिलाओं की बड़ी तादाद हैं जो कि पात्र हैं, लेकिन उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। इन्हें नए रजिस्ट्रेशन शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। योजना शुरू होने के बाद एक बार छूटी हुई महिलाओं के लिए जुलाई और अगस्त महीने में वर्ष 2023 में रजिस्ट्रेशन खुला था। उसके बाद से आज तक नए रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं हो पाए हैं।