Ghoradongri Controversy: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा उइके के पूर्व जनप्रतिनिधि विवेक जैन द्वारा आदिवासी युवक से गाली गलौज और मारपीट का वीडियो वायरल होने और राष्ट्रीय जनादेश में 22 फरवरी के अंक में उक्त समाचार प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद रविवार को घोड़ाडोंगरी विधायक के स्टाफ द्वारा एक पत्र सोशल मीडिया में वायरल किया जिसमें विवेक जैन को 27 दिन पूर्व 27 जनवरी को ही विधायक प्रतिनिधि पद से मुक्त कर दिया है। पत्र में 27 जनवरी की तारीख दर्ज है लेकिन यह रविवार को पहली बार सामने आया है। वहीं विवेक जैन के खिलाफ मजदूर द्वारा की गई शिकायत के बाद घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी में एक ही समय में दो कायमी दर्ज की गई है जिसमें एक प्रधान आरक्षक द्वारा धारा 352, 115(1) बीएनएस अदम चैक देहाती नालसी कायम कर फरियादी को न्यायालय जाने की सलाह दी गई है। वहीं इसी समय पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आम्रपाली डहाट द्वारा धारा 296, 115 (2) बीएनएस देहाती नालसी कायम की गई है। दूसरी ओर आदिवासी युवक के साथ मारपीटकरने के विरोध में रविवार शाम को युवक कांग्रेस ने घोड़ाडोंगरी चौकी पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है। 

ज्ञातव्य है कि घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके के पूर्व प्रतिनिधि विवेक जैन द्वारा नगर परिषद के कार्य में लगे एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट और गाली गलौज की थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। दैनिक राष्ट्रीय जनादेश द्वारा रविवार के अंक में विधायक प्रतिनिधि की दबंगाई आदिवासी मजदूर को हॉकी से पीटा शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। उक्त समाचार प्रकाशित होने के बाद रविवार सुबह घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके के कार्यालय से दो लेटर सोशल मीडिया पर डाले हैं जिसमें एक लेटर 10 जनवरी 2026 की तारीख का है। वह विधायक प्रतिनिधि विवेक जैन ने विधायक गंगा उइके को लिखा है। इस पत्र में विवेक जैन ने पारिवारिक कारणों से विधायक प्रतिनिधि पद से पदमुक्त करने की बात लिखी है। दूसरा पत्र घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके ने कलेक्टर बैतूल को लिखा है। इस पत्र में विवेक जैन को तत्काल प्रभाव से घोड़ाडोंगरी विधायक प्रतिनिधि पद से पदमुक्त करने की जानकारी दी गई है। इस पत्र में 27 जनवरी 2026 की तारीख है जो 27 दिन बाद 22 फरवरी को पहली बार सामने आया है। 

घोड़ाडोंगरी चौकी में हुई दो कायमी

विवेक जैन द्वारा ग्राम चिचढाना भैंसदेही निवासी 18 वर्षीय आदिवासी युवक विकास कुमरे पिता संतु कमरे के साथ मारपीट की थी। विकास कुमरे ने 21 फरवरी को दोपहर 3 बजे विकास जैन द्वारा की गई मारपीट की शिकायत की जिस पर कायमी कर्ता प्रधान आरक्षक 211 देवेंद्र प्रजापति द्वारा धारा 352, 115(1) बीएनएस के तहत अदम चैक देहाती नालसी कायम की। इसमें अपराध क्रमांक 00/206 कायमी 21 फरवरी 2026 शाम 5:30 बजे दर्ज है जिसमें उक्त शिकायत को अदम दस्तानदाजी का मामला बताते हुए फरियादी को न्यायालय जाने की सलाह दी है। इसी शिकायत पर घोड़ाडोंगरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आम्रपाली डहाट द्वारा अपराध क्रं . 00/2026 धारा 296, 115 (2) बीएनएस के तहत 21 फरवरी 2026 को शाम 5:30 बजे देहाती नालसी दर्ज की है। एक ही शिकायत पर एक ही समय में दो अलग-अलग कायमी और अलग-अलग धारा से पुलिस की कार्यवाही पर सवालिया निशान लग रहे हैं। इस मामले से घोड़ाडोंगरी की राजनीति गर्मा गई है।