Betul Trenching Ground Issue: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पत्र से हड़कंप, नगरीय प्रशासन कमिश्रर पहुंचे ट्रेंचिंग ग्राउंड
►ठेकेदार को लगाई फटकार, 15 दिन में कचरा हटाने का अल्टीमेटम, ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी
Betul Trenching Ground Issue: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर के गौठाना क्षेत्र में नागरिकों के लिए सरदर्द बन चुके ट्रेंचिंग ग्राउंड और उसको लेकर रोजाना हो रहे धरना प्रदर्शन और विवाद, अफसरों के गैर जिम्मेदाराना रवैये से नाराज क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नगरीय प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को 19 फरवरी को इस मामले में कड़ी कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। इस पत्र का 2 ही दिन में असर दिखने लगा है। शनिवार को आनन फानन में पहले नगरीय प्रशासन के कार्यपालन यंत्री और फिर उसके बाद नगरीय प्रशासन आयुक्त स्वयं ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। साथ ही 15 दिनों में कचरा साफ करने का अल्टीमेटम दिया। ऐसा नहीं होने पर 6 सालों के लिए ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी भी दी।
गौरतलब है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड को लेकर लगातार बवाल मच रहा है, वहीं दूसरी ओर अधिकारी इसका कोई ठोस समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं। इसके चलते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने इस मामले को लेकर विभाग के एसीएस को कड़ा पत्र लिखा था। इस पत्र के असर अब दिखने लगे हैं। आज नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने ट्रेचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रेचिंग ग्राउंड की शिकायत की जांच की और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे के संकलन एवं पुनर्चक्रण से संबंधित निर्धारित योजना के क्रियान्वयन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी का निरीक्षण करते हुए रहवासियों से चर्चा भी की।
ठेकेदार को लगाई जमकर फटकार
निरीक्षण के दौरान ट्रेंचिंग ग्राउंड की अव्यवस्थाओं के लिए आयुक्त श्री भोंडवे ने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। कचरा नहीं उठने को लेकर सवाल करने पर ठेकेदार ने आयुक्त से कहा कि उसने ठेका बिलो पर लिया है। इस पर आयुक्त ने दो टूक कहा कि मुझसे पूछ कर बिलो में ठेका लिया था क्या? सारा कचरा तो साफ करना ही होगा। उन्होंने 15 दिनों में सारा कचरा साफ करने की सख्त हिदायत दी, वहीं ऐसा न होने पर 6 साल के लिए ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी भी दी।
जुर्माने की कार्यवाही के दिए निर्देश
आयुक्त श्री भोंडवे ने नगर पालिका के अधिकारियों को कचरा उठाने में लेटलतीफी के लिए एग्रीमेंट की शर्तों के आधार पर जुर्माने की कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। क्षेत्रवासियों द्वारा बदबू की समस्या बताए जाने पर आयुक्त श्री भोंडवे ने नगर पालिका को ट्रेचिंग ग्राउंड में बायो-ट्रीटमेंट कराने के निर्देश दिए, ताकि तात्कालिक रूप से दुर्गंध की समस्या का समाधान हो सके। लोगों ने वायु प्रदूषण, आवारा कुत्तों की समस्या तथा अन्य परेशानियों से भी अवगत कराया, जिस पर आयुक्त ने उचित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ट्रेचिंग ग्राउंड से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
सुबह से ही शुरू हो चुकी थी तैयारी
आयुक्त तो दोपहर में बैतूल पहुंचे, लेकिन विभाग के कार्यपालन यंत्री सचिन कड़ू सुबह ही बैतूल पहुंच चुके थे। उन्होंने ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंच कर पहले व्यवस्थाओं का मुआयना किया। साथ ही ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए। इधर नगर पालिका ने भी यहां साफ-सफाई दिखाने की पूरी कोशिश की। इसके लिए सुबह ही बड़ी संख्या में नगर पालिका के कर्मचारी ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंच चुके थे और साफ-सफाई शुरू कर दी थी। कचरा ले जाने ट्रक भी आज कुछ ज्यादा नजर आ रहे थे। आयुक्त के निरीक्षण के दौरान और बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन तथा नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क पर बैठे लोग, मंडल अध्यक्ष से बहस
आयुक्त के आने की खबर लगते ही क्षेत्र के लोग भी अपना दर्द बताने को तैयार हो चुके थे। आयुक्त के आने के पहले कुछ लोग रोड जाम करने के लिए रोड पर भी बैठ चुके थे। इसकी जानकारी मिलने पर भाजपा के कोठीबाजार मंडल अध्यक्ष विक्रम वैध मौके पर पहुंचे। यहां एक युवक ने उनसे तीखी बहस भी कर ली। हालांकि कुछ समय बाद लोग सड़क से हट गए। इसके बाद आयुक्त पहुंचे तो उन्होंने लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याएं पूछी।
आयुक्त ने बताया- दोषियों पर होगी कार्यवाही
निरीक्षण के बाद कलेक्टर निवास पर विधायक श्री खंडेलवाल ने आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री भोंडवे के साथ ट्रेचिंग ग्राउंड के संबंध में चर्चा की। आयुक्त श्री भोंडवे ने कहा कि शिकायतों पर कॉन्ट्रैक्टर ओर अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने विधायक श्री खंडेलवाल के स्थानीय रहवासियों की समस्या पर आश्वस्त किया कि 3 से 4 दिन में ट्रेचिंग ग्रांउड से दुर्गन्ध की समस्या का समाधान करने और 15 दिन के अंदर कचरा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। आवारा कुत्तों और मवेशियों पर भी अंकुश लगाया जाएगा। वहीं भविष्य में इस प्रकार की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए स्थाई समाधान किया जाएगा।

Shastri Stadium Betul: लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम का कमर्शियल उपयोग: बिना अनुमति कोचिंग, सुरक्षा इंतजाम नदारद