► ट्रेंचिंग ग्राउंड के कचरा निष्पादन में लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर होगी कठोर कार्रवाई

Betul Trenching Ground Case: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। दैनिक राष्ट्रीय जनादेश में गुरुवार को 'बैतूल विधायक की साख को बट्टा लगाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे नपा के अपरिपक्व अफसर' शीर्षक से प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ है। 19 फरवरी को खबर प्रकाशित होने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल खासे नाराज हैं। अब उन्होंने ट्रेंचिंग ग्राउंड के कचरा निष्पादन में लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई करने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव को सीधे पत्र भेजा है। उम्मीद है कि अब इस मामले में लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई होगी। 

सर्वविदित है कि इस मामले में नवंबर 2025 में श्री खंडेलवाल की नाराजगी के बाद कलेक्टर के निर्देश पर ट्रेंचिंग ग्राउंड मामले की जांच के लिए बनी कमेटी की जांच रिपोर्ट प्रशासनिक गलियारों में कहां दफन हो गई, इसका पता ही नहीं चल पा रहा है। इन सबके चलते जहां एक ओर जनाक्रोश भड़क रहा था, वहीं राष्ट्रीय जनादेश में भी लगातार खबरें प्रकाशित हो रही थीं। 19 फरवरी को प्रकाशित खबर के बाद विधायक श्री खंडेलवाल ने सीधे नगरीय प्रशासन के एसीएस को इस मामले के जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई के लिए पत्र लिख दिया है। अब यह तय है कि उच्च स्तर से इस मामले में जल्द बड़ी कार्रवाई होगी। 

निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं किया गया कार्य 

गौरतलब है कि गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट डंप साइट  रेमीडियेशन परियोजना के ठेकेदार द्वारा कचरा निष्पादन का कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं करने एवं नगर पालिका द्वारा ठेकेदार को आवश्यकता से अधिक भुगतान करने का मामला सामने आया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक श्री खंडेलवाल ने अपर मुख्य सचिव को 19 फरवरी को भेजे पत्र में अवगत कराया है कि बैतूल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट डंप साइट रेमेडियेशन  परियोजना के ठेकेदार द्वारा कचरा निष्पादन का कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं किया गया। जिससे कचरे की बदबू एवं दूषित पानी  से बीमारी फैलने की आशंका से वार्डवासी परेशान है। वार्डवासियों द्वारा कचरा हटाने एवं दूषित पानी की निकासी की मांग  लगातार की जा रही है।

ठेकेदार को किया अधिक भुगतान

श्री खंडेलवाल ने पत्र के माध्यम से अपर मुख्य सचिव को अवगत कराया है कि ठेकेदार द्वारा ट्रेचिंग ग्राउंड के कचरे का निष्पादन का कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं करने के बाद भी बैतूल नगर पालिका द्वारा ठेकेदार को आवश्यकता से अधिक भुगतान किया गया। उल्लेखनीय है कि इस मामले को गंभीरता से लेकर श्री खंडेलवाल ने कलेक्टर सहित नगरीय प्रशासन विभाग के उच्च अधिकारियों को जिला एवं राज्य स्तर से जांच दल गठित कर जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाही करने के निर्देश दिए थे।

श्री खंडेलवाल ने अपर मुख्य सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मध्य प्रदेश को पत्र प्रेषित कर कचरा निष्पादन का कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं होने एवं आवश्यकता से अधिक भुगतान करने के संबंध में राज्य एवं जिला स्तर से की गई जांच के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाही करने की मांग की है