Betul Love Affair Murder: एकतरफा प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, महाराष्ट्र के युवक को मारकर खेत में दफनाया
Betul Love Affair Murder: बैतूल जिले में एकतरफा प्रेम प्रसंग ने एक और भयावह मोड़ ले लिया। महाराष्ट्र के एक युवक की बेरहमी से हत्या कर उसका शव खेत में दफना दिया गया। भैंसदेही पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बीते एक माह में प्रेम संबंधों को लेकर जिले में यह चौथी हत्या की घटना है, जिससे सामाजिक चिंता भी बढ़ी है।
घटना की शुरुआत ऐसे हुई
14 फरवरी 2026 को भैंसदेही थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कोडिया में एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बाइक क्रमांक MP-48-M-7850 एक घर के सामने मिली। वाहन के मालिक या चालक का कोई पता नहीं चल रहा था।
पूछताछ में बढ़ा शक
जब पुलिस ने घर पर पूछताछ की तो घर का मालिक मौजूद नहीं था। उसकी पत्नी से जानकारी ली गई। उसने बताया कि उसका पति बाहर गया है और बेटी सातनेर में है। मोटरसाइकिल किसकी है, इस सवाल पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी और बार-बार अपने बयान बदलती रही। इससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।

गांव वालों से मिली अहम जानकारी
स्थानीय लोगों से चर्चा करने पर पुलिस को पुराने खेत की ओर संकेत मिला। इसके बाद महिला से सख्ती से पूछताछ की गई। तब उसने स्वीकार किया कि महाराष्ट्र निवासी शिवम धुर्वे उनकी बेटी से मिलने आया था। किसी बात को लेकर विवाद हुआ और फिर बेटी, उसके पिता और मां ने मिलकर युवक की पिटाई कर दी।
जंगल में ले जाकर की हत्या
मारपीट के दौरान युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए। इसके बाद उसे जंगल क्षेत्र स्थित खेत में ले जाया गया। वहां पत्थर और डंडों से वार कर उसकी हत्या कर दी। वार इतने गंभीर थे कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
शव दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश
हत्या के अगले दिन सुबह आरोपियों ने खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। लेकिन मोटरसाइकिल मिलने के बाद पुलिस की जांच ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
उत्खनन कर शव बरामद
एसडीएम भैंसदेही को सूचना देकर वैधानिक प्रक्रिया के तहत तहसीलदार और नगर परिषद की टीम की मौजूदगी में खुदाई कराई गई। वीडियोग्राफी के बीच लगभग 25 से 30 वर्ष आयु के युवक का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी भैंसदेही की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया।
प्रकरण दर्ज और गिरफ्तारी
15 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक रामप्रकाश कीर की रिपोर्ट पर थाना भैंसदेही में अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज किया गया। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2), 326(बी) और 3(5) के तहत कायम किया गया। जांच के दौरान 16 फरवरी 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
हत्या के पीछे की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक शिवम धुर्वे मुख्य आरोपी की बेटी का परिचित था और उसके पीछे पड़ा हुआ था। बेटी विवाहित है और अपने दो बच्चों के साथ सातनेर में रहती है। उसका पति महाराष्ट्र में मजदूरी करता था और जनवरी में घर लौटा था। बताया गया कि युवक द्वारा लगातार परेशान और धमकाए जाने से तंग आकर युवती ने उसे 13 फरवरी को अपने मायके कौड़िया बुलाया था, जहां यह घटना हुई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाई गई। वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर जांच की गई और 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश सातनकर, निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक रामप्रकाश कीर, उपनिरीक्षक प्रीति पाटिल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी ने की यह अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन ने बताया कि बीते एक माह में प्रेम प्रसंग से जुड़ी यह चौथी हत्या है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और पारिवारिक विवादों का समाधान कानूनी तरीके से होना चाहिए। किसी भी स्थिति में कानून हाथ में लेना गंभीर अपराध है। उन्होंने नागरिकों से संवाद और विधिक प्रक्रिया के माध्यम से विवाद सुलझाने की अपील की है तथा थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

केरल में चुनाव प्रचार खत्म, गठबंधन तय करेगा किसकी होगी जीत
बुलडोजर के साथ नामांकन भरने पहुंचे भाजपा उम्मीदवार, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
आरोपों की बौछार के बीच, पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने उतारी स्टार प्रचारकों की फौज
उज्जैन की विक्रम यूनिवर्सिटी एग्जाम में ‘अल्लाह’ सवाल पर बवाल
ईरान युद्ध का असर: पाकिस्तान में हालात बिगड़े, Shehbaz Sharif ने आज रात से लॉकडाउन का किया ऐलान