Betul Encroachment Removal News: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के कॉलेज चौक क्षेत्र में प्रशासन द्वारा शुक्रवार को पक्का अतिक्रमण हटाया गया। वहीं बैतूल-भोपाल फोरलेन पर एनएचएआई और जिला प्रशासन की टीम ने भारत-भारती से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। फोरलेन किनारे ढाबा संचालकों के साथ ही रहवासियों ने एनएचएआई की जमीन पर किया गया कच्चा-पक्का अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिया गया। एनएचएआई द्वारा फोरलेन किनारे भारत भारती से शुरू की गई कार्रवाई बरेठा तक सतत रूप से की जाएगी।

फोरलेन पर भारत-भारती से शुरू हुई कार्रवाई 

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआई द्वारा बैतूल-भोपाल फोरलेन क्रमांक 46 पर इटारसी बैतूल के बीच सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने पूर्व में ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था। जिसके चलते एनएचएआई द्वारा शुक्रवार से बैतूल-इटारसी खंड में भारत भारती से अतिक्रमण हटाने सख्त कार्रवाई शुरू की। शुक्रवार को एनएचएआई के अधिकारी जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम भारत भारती पहुंची। यहां से फोरलेन किनारे ढाबा, दुकानों और मकानों के सामने अतिक्रमण किया गया था।

संयुक्त टीम ने जेसीबी से राजमार्ग की भूमि पर किए गए कच्चे-पक्के अतिक्रमण हटाकर एनएचएआई की भूमि मुक्त करवाई। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया राजमार्ग की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने उक्त कार्रवाई शुरू की गई है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि राजमार्ग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फोरलेन किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

कॉलेज चौक से हटाया पक्का अतिक्रमण 

बैतूल शहर के कॉलेज रोड क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन ने पक्का अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। तहसीलदार पूनम साहू के नेतृत्व में राजस्व और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने मौके पर जेसीबी की मदद से कब्जा हटवाया। यह कार्रवाई कॉलेज चौक के पास किए गए पक्के निर्माण को लेकर की गई। कलेक्टर बैतूल को इस संबंध में शिकायत मिली थी, जिसके बाद एसडीएम अभिजीत सिंह और तहसीलदार पूनम साहू को कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए।

तहसीलदार न्यायालय ने संबंधित भूमि को नजूल संपत्ति घोषित करते हुए 5000 रुपए का जुर्माना निर्धारित किया था। अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था। नोटिस के बावजूद अतिक्रमण का कुछ हिस्सा खाली नहीं किया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार पूनम साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सतीश मत्सेनिया सहित राजस्व और नगर पालिका का पूरा अमला मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह के अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।