Sikmi Registration Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। ज्वार और धान की उपज समर्थन मूल्य पर बेचने ठेकानामा बना कर (सिकमी) पंजीयन पर सख्ती बरतने और सिकमी पंजीयन प्रक्रिया में बदलाव करने से रबी विपणन वर्ष 2026 में समर्थन मूल्य पर उपज बेचने पंजीयन प्रक्रिया शुरू होने के 6 दिन बीत जाने के बावजूद चना, सरसो, मसूर के लिए कोई पंजीयन नहीं हुआ है। गेहूं बेचने के लिए पिछले 6 दिनों में 137 किसान पंजीयन करवा चुके हैं। जिसमें शाहपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 29 किसानों और घोड़ाडोंगरी में सबसे कम एक किसान ने पंजीयन करवाया है। पंजीयन करवाने की अंतिम तारीख 7 मार्च है।

न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से उपज खरीदने गत वर्ष खरीफ सीजन में जिले में कई व्यापारियों ने ठेकानाम के नाम पर ज्वार और धान बेचने बड़ी संख्या में फर्जी पंजीयन करवाए थे। समय रहते जिला प्रशासन द्वारा सिकमी पंजीयन की वास्तविक जांच करवा ली गई, जिससे फर्जी पंजीयन करवाने वालों की असलियत सामने आ गई और सरकार को करोड़ों रुपए का चूना लगाने की योजना फेल हो गई। खरीफ सीजन में फर्जी सिकमी पंजीयन को देखते हुए इस बार रबी सीजन की फसलों के पंजीयन शुरू होने के पूर्व ही जिला प्रशासन द्वारा पंजीयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव कर दिया है। अब सिकमी किसानों के पंजीयन के लिए खेत मालिक की सहमति आवश्यक करने के साथ उनके मोबाइल पर ओटीपी भेजने के बाद ही पंजीयन करने की अनिवार्यता कर दी है। जिससे सिकमी किसान के रूप में पंजीयन करवाने वाले व्यापारी भी आगे कदम नहीं बढ़ा रहे हैं।

चना, सरसो और मसूर में कोई पंजीयन नहीं

रबी विपणन वर्ष 2026 में रबी फसल गेहूं, चना, सरसो, मसूर के लिए पंजीयन करवाने 7 फरवरी से पंजीयन शुरू कर दिए हैं। जिले में 74 पंजीयन केन्द्रों पर ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पंजीयन प्रक्रिया शुरू होने के 6 दिन बीत चुके हैं। गुरूवार शाम 6 बजे तक जिले में किसी भी किसान ने चना, सरसो और मसूर बेचने पंजीयन नहीं करवाया है। जानकारों का मानना है कि यदि सिकमी पंजीयन में सख्ती नहीं बरती जाती तो अभी तक सैकड़ों पंजीयन हो चुके होते।

गेहूं में 137 पंजीयन ही हुए 

समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने जरूर किसानों ने पहले दिन से ही पंजीयन करवाना शुरू कर दिया है। जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने बताया कि गुरूवार शाम तक जिले में चना, सरसो, मसूर बेचने एक भी पंजीयन नहीं हुए है। वहीं गेहूं बेचने 137 किसानों ने 355.50 हैक्टेयर में बोई गेहूं की फसल के लिए पंजीयन करवा लिया है। शाहपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 29 किसानों ने गेहूं बेचने पंजीयन करवाया है। वहीं मुलताई में 22, आठनेर में 19, बैतूल में 18, चिचोली में 15, भैंसदेही में 14, भीमपुर में 11, आमला में 5, प्रभातपट्टन में 3 और घोड़ाडोंगरी ब्लॉक में मात्र एक किसान ने पंजीयन करवाया है। श्री टेकाम ने बताया पंजीयन करवाने की अंतिम तारीख 7 मार्च है। उन्होंने सभी किसानों से निर्धारित समय में पंजीयन करवाने की अपील की है।