Online Fraud Arrest: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बीते साल जिले में 1 करोड़ 93 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। इस प्रकरण का मुख्य आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। आखिरकार इस आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस ने बताया कि 9 फरवरी 2025 को थाना बैतूल बाजार में कुलदीप पिता गंगाराम राठौर निवासी भग्गूढाना  बैतूल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी मिलन पिता दिलीप राठौर उम्र 33 वर्ष निवासी बडोरा, पंकज उर्फ ज्ञानप्रकाश साहू और देवकृष्ण साहू द्वारा ऑनलाइन  'रोबोट्रेड' एप्लीकेशन के माध्यम से 01 करोड़ 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। इस पर थाना बैतूल बाजार में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

लगातार फरार चल रहा था आरोपी 

मुख्य आरोपी मिलन राठौर घटना दिनांक से ही फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा 10000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार प्रयासों के फलस्वरूप आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से 2 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड अवधि पूर्ण होने पर आरोपी को जिला जेल बैतूल दाखिल किया गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बैतूल बाजार अंजना धुर्वे, उप निरीक्षक उत्तम मस्तकार, रश्मि ठाकुर, संतोष सिंह नागवे, एएसआई संजय कलम, प्रधान आरक्षक अशोक झरबड़े, अजय बरबड़े, आरक्षक कमल चौरे, कमल पंवार, भूपेन्द्र पटेल, चालक प्रधान आरक्षक सुखराम पंवार की सराहनीय भूमिका रही।