Encroachment Removal Drive: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर की कई सड़कें और गलियां ऐसी हैं जहां पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहन तक नहीं पहुंच सकते हैं। यदि इन क्षेत्रों में कभी कोई घटना-दुर्घटना हो जाए तो इन हालातों में राहत पहुंचाने यह वाहन मौके तक नहीं पहुंच पाएंगे। यही कारण है कि आज कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने शहर के ऐसे क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर गलियों की खाक छानी। इस दौरान उन्होंने ऐसे अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए जो कि आपातकालीन वाहनों के राह में बाधा बन सकते हैं। 

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी और एसपी श्री जैन ने सोमवार को बैतूल नगर के तिलक, आजाद तथा आर्यपुरा वार्ड का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व, पुलिस एवं नगर पालिका के अमले के साथ वार्डों का पैदल भ्रमण कर मार्गों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आपातकालीन वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध निर्माण, मार्ग पर स्थापित हैंडपंप, बिजली के पोल, खुली नालियां एवं अतिक्रमण का मौके पर अवलोकन किया गया।

अफसरों को दिए कलेक्टर ने यह निर्देश 

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने नगर पालिका के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क की चौड़ाई को प्रभावित करने वाले सभी अवैध निर्माण शीघ्र हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि मार्गों पर लगे हैंडपंप एवं विद्युत पोल को सुव्यवस्थित करते हुए आवश्यकतानुसार शिफ्ट किया जाए, ताकि किसी भी स्थिति में आपातकालीन सेवाओं को विलंब न हो। साथ ही खुली नालियों को सुरक्षित रूप से मजबूती से ढंकने के निर्देश दिए गए, जिससे वाहनों का आवागमन बाधित न हो।

दुकान संचालकों को भी दिए निर्देश 

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संबंधित वार्डों में संचालित दुकानों के संचालकों को भी समझाइश देने के निर्देश दिए कि वे दुकान का सामान सड़क या मार्ग पर न रखें। उन्होंने कहा कि मार्गो पर अतिक्रमण न केवल यातायात में बाधा बनता है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल के लिए भी खतरा उत्पन्न करता है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी सुनील लाटा, तहसीलदार पूनम साहू, सहायक यंत्री नगर पालिका नीरज धुर्वे, थाना प्रभारी कोतवाली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।