► बैतूल विकासखंड के सम्मेलन में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक 

बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय विजय भवन में वीबी जी राम जी अभियान के तहत बैतूल विकासखंड का सम्मेलन संम्पन हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि वीबी जी राम जी नई साईकिल की तरह है, जिसे कोई परिवार पुरानी और खस्ताहाल हो चुकी साईकिल से बदलता है। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार  आजीविका मिशन ग्रामीण 2025 के तहत अब गांव की योजना और निर्माण गांव के हिसाब से तय होंगे। 

श्री खंडेलवाल ने आगे कहा कि अब 100 दिन की जगह 125 दिन का रोजगार मिलेगा। आजीविका में वृद्वि होगी, गांव के हिसाब से काम होने से किसान और श्रमिक दोनों को लाभ होगा। नए स्वरूप में वीबीजी राम जी आने से कांग्रेस को इसलिए तकलीफ है क्योंकि 2009 में नरेगा का नाम बदलकर महात्मा गांधी के नाम पर मनरेगा करके वे महात्मा गांधी के नाम पर वोट की राजनीति करना चाहते थे। जबकि 2014 के बाद देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को हर गांव हर शहर में साकार किया है।

विदेशी उत्पादों का उपयोग करने वाले होते थे सम्मानित 

कांग्रेस के दौर में विदेशी उत्पादों का उपयोग करने वाले सम्मान पाते थे। आज खादी को सम्मान मिलता है। गांधी जी के विचारों को सम्मान मिलता है। देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विकसित गांव और प्रदेश के साथ-साथ विकसित भारत के लिए लगातार काम कर रहे हैं। वह दिन दूर नहीं जब हमारा भारत अमेरिका और चीन से भी आगे निकल जाएगा। 

कटाई-बुआई के समय सहजता से उपलब्ध होंगे मजदूर 

श्री खंडेलवाल ने कहा कि खेतों में कटाई और बुवाई के समय श्रमिक सहजता से उपलब्ध होगें जिससे कृषि उत्पादकों की लागत कम होगी। मजदूरों का पलायन रूकेगा, जियो टैगिंग निगरानी और डिजिटल भुगतान से भ्रष्टाचार कम होगा। लक्ष्य आधारित परिसंपत्ति का निर्माण होगा, रोजगार न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता मिलेगा, भुगतान में देरी पर ब्याज की सुविधा होगी। 

आजाद भारत में बदले गए अंग्रेजों के बनाए गए कानून : उइके 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि ग्रामीण आजीविका को आधुनिक रूप से पुनर्गठित करने के लिए वीबी जी राम जी 2025 आया है। आजाद भारत में अग्रेजों के बनाए कानून बदल दिए गए हैं। उसी तरह मनरेगा की खामियों को दूर कर आज की परिस्थितियों के अनुकूल कार्य किया गया है। बीस वर्षों में करोड़ों की राशि खर्च करने के बाद भी मनरेगा के कार्य दिखाई नहीं देते, क्योंकि यह कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुके थे। अब भ्रष्टाचार समाप्त होगा, रोजगार और आजीविका में वृद्वि होगी। विकसित गांव से ही विकसित भारत की तस्वीर बनेगी। 

वीबी जी राम जी से बदलेगी ग्रामीण अंचल की तस्वीर : पंवार 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि ग्रामीण अंचल की तस्वीर वीबी जी राम जी से बदलेगी। इस अधिनियम के तहत आजीविका के साथ-साथ स्थाई परिसंपत्तियों का निर्माण भी होगा। रियल टाइम सामजिक अंकेक्षण से बंदरबाट रूकेगी। कांग्रेस को वीबी जी राम जी में सिर्फ राम के नाम पर दर्द हो रहा है। मनरेगा में भ्रष्टाचार होता था। कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी स्वीकार किया था कि वे केन्द्र से वे एक रुपये भेजते हैं, लेकिन जनता तक पंद्रह पैसे पहुंचते हैं। 85 प्रतिशत राशि डकारने वाले मोदी जी के नेतृत्व में हितग्राही को पूरा पैसा उनके खाते मे सीधा पहुंचने से परेशान होकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। 

ग्रामीण स्तर पर चौपाल लगाकर बताए जाएंगे योजना के फायदे 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अभियान के जिला संयोजक कृष्णा गायकी ने कहा कि वीबी जी राम जी को लेकर आमला और मुलताई विधानसभा स्तरीय विकास खंड सम्मेलन संपन्न हो चुके हैं। आज बैतूल विकासखंड और आने वाले दो दिनों में भैंसदेही और घोड़ाडोंगरी विधानसभा में विकासखंड सम्मेलन संपन्न होने हैं। जिसके बाद पंचायत एवं ग्रामीण स्तर पर ग्राम चौपाल, किसान चौपाल, श्रमिक चौपाल लगाकर हमें वीबी जी राम जी और मनरेगा के तुलनात्मक फायदे ग्रामीणों के बीच साझा करना है। इस दौरान हमें किसान पद यात्रा, बैलगाड़ी यात्रा के साथ-साथ ट्रैक्टर यात्रा की तैयारी भी करना है। आज हमें जो जानकारी प्राप्त होगी, वह जानकारी कांग्रेस द्वारा रचे जा रहे भ्रम जाल को तोड़ने का काम करेगी। जिसकी जिम्मेदारी हम सभी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों की है। 

सम्मेलन में यह रहे प्रमुख रूप से मौजूद 

सम्मेलन का संचालन जिला उपाध्यक्ष रश्मि साहू ने किया वहीं आभार टोली सह संयोजक महेश्वर सिंह चंदेल ने व्यक्त किया। सम्मेलन में जिला महामंत्री कमलेश सिंह, डॉ. महेन्द्रसिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष इंद्रपाल पुण्डे, नरेश फाटे, पूर्व जिलाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, मंडल प्रभारी सुधा चंद्रा, राजसिंह परिहार, मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, नीतू पटेल, सुनील पंवार, नितिन बारस्कर मंचासीन रहे। इस अवसर पर विकास खंड के जिला पदाधिकरी, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, सरपंच, उप सरपंच सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।