Betul Bhopal Highway Accident: शाहपुर (राष्ट्रीय जनादेश)। बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर शनिवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। यहां पाढर-बरेठा के बीच बांचा जोड़ के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की ट्रक द्वारा कुचले जाने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनकी ढाई साल की मासूम बेटी बाल-बाल बच गई, हालांकि उसे चोटें आई है। उसे इलाज के लिए शाहपुर अस्पताल भेजा गया है। ट्रक को पकड़ लिया गया है, जबकि चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार नर्मदापुरम जिले के बाबई थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलक वार्ड सोहागपुर निवासी विजय यादव (47), उनकी पत्नी आरती यादव (40) और उनकी ढाई साल की बेटी बाइक क्रमांक एमपी-20/एमएक्स-4636 से बैतूल से इटारसी की ओर जा रहे थे। इस दौरान बांचा जोड़ के पास बिना मुंडेर की संकीर्ण पुलिया पर भोपाल से बैतूल की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक एमएच-36/एए-2065 के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। इस दौरान विजय और आरती ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। वहीं आरती की गोद में उनकी बेटी भी थी, लेकिन खैरियत रही कि ट्रक का पहिया उसके ऊपर से नहीं गया। हालांकि पति-पत्नी दोनों की ही मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोग 

हादसे की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र कवड़े, खदारा सरपंच तारा कवड़े, रामकिशोर धुर्वे सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। साथ ही घायल मासूम को शाहपुर अस्पताल भिजवाया। शाहपुर अस्पताल में बालिका का इलाज किया जा रहा है। इसके साथ ही मृत पति-पत्नी के शव पोस्टमार्टम के लिए शाहपुर भिजवाए हैं। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है वहीं चालक फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। 

संकीर्ण पुलिया बनी हादसे का सबब 

बैतूल-भोपाल फोरलेन मार्ग पर बरेठा घाट में फोरलेन सड़क नहीं बनने का खामियाजा यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ ही जिलेवासी लगातार भुगत रहे हैं। इस क्षेत्र में 2 संकीर्ण पुलियाएं हैं। जिन पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे की पुलिया पर मुंडेर (रेलिंग) नहीं होने के कारण इस रोड पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिया पर मुंडेर बनवाने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।