Ganj Mandi Complex Betul: इंतजार खत्म... गंज मंडी कॉम्पलेक्स में जल्द मिलेंगी दुकानें, तेजी से चल रहा काम
Ganj Mandi Complex Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर की गंज सब्जी मंडी में बन रहे कॉम्पलेक्स में दुकानें मिलने की सालों से प्रतीक्षा कर रहे दुकानदारों का इंतजार खत्म होने को हैं। इस कॉम्पलेक्स का काम अब बेहद तेजी से चल रहा है। नगर पालिका की कोशिश है कि अगले महीने से ही दुकानदारों को दुकानें देना शुरू कर दिया जाए। यहां दुकानों का काम जैसे-जैसे पूरा होते जाएगा, वैसे-वैसे ही वे दुकानदारों को मुहैया करवा दी जाएंगी। पहले यहां पूर्व से काबिज दुकानदारों का व्यवस्थापन होगा, इसके बाद बची हुई दुकानें नीलाम की जाएंगी।
गौरतलब है कि गंज सब्जी मंडी में दर्जनों छोटे और फुटकर व्यापारी बीते कई सालों से दुकानें लगाकर अपना गुजर-बसर कर रहे हैं। इनमें अस्थाई के साथ-साथ स्थाई दुकानें भी शामिल हैं। नगर पालिका ने 2015 में यहां पर एक कॉम्पलेक्स का निर्माण शुरू किया था। इसके चलते यहां के दुकानदारों को हटना पड़ा। इनमें से कुछ जहां फिलहाल अस्थाई रूप से दुकान लगा रहे हैं तो कुछ ऐसा भी नहीं कर पाए। इधर काम शुरू तो हो गया, लेकिन अंजाम तक नहीं पहुंच सका। विभिन्न कारणों से काम कभी चला तो कभी सालों तक बंद पड़ा रहा। ऐसे में दुकानदारों का इंतजार इतना लंबा हो गया कि अधिकांश ने तो दुकान मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी। इस बीच कई दुकानदारों को आर्थिक परेशानियों का सामना भी करना पड़ा।
अब दोबारा शुरू हुआ निर्माण कार्य
पहले इस प्रोजेक्ट की लागत 11 करोड़ थी, लेकिन लंबी लेटलतीफी के चलते अब इसकी लागत 18 करोड़ पर पहुंच गई है। यह कार्य अब तरूष्का कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है, जिसे 18 महीने में यह काम पूरा करना है। नई ठेका कंपनी द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है। जिसके चलते अब दुकानदारों को एक बार फिर आस बंध गई है। इधर नपा की कोशिश है कि जो दुकानें कंपलीट होती जा रही है, उनमें दुकानदारों को भी लगातार शिफ्ट किया जाएं।
एक पखवाड़े में हो जाएगा इनका काम
अभी एफ ब्लॉक की ग्राउंड फ्लोर की 66 और 27 इस तरह कुल 93 दुकानों का फिनिशिंग वर्क चल रहा है। यह कार्य 10 से 15 दिन में पूरा होने की पूरी संभावना है। इसके बाद पूजा स्वीट्स के पीछे का काम शुरू किया जाएगा। इसलिए वहां लग रही दुकानों और अन्य दुकानों को इन कंपलीट होने वाली दुकानों में शिफ्ट कर दिया जाएगा ताकि जगह खाली हो सके। इसी तरह आगे की भी रणनीति रहेगी कि दुकानों के कंपलीट होते ही उन्हें आवंटित कर दिया जाएगा।
कॉम्पलेक्स में बन रही 300 दुकानें
इस कॉम्पलेक्स में कुल 300 दुकानें बनना है। इनमें से 176 दुकानें पहले से काबिज दुकानदारों को व्यवस्थापन के तहत दी जानी है। इसके बाद जो दुकानें शेष रह जाएंगी, उन्हें नीलाम किया जाएगा। इसके अलावा यहां 260 वाहनों की क्षमता वाली 29600 वर्गफीट में पार्किंग भी बनाई जा रही है। कॉम्पलेक्स में लिफ्ट भी लगाई जाएंगी, ताकि ग्राहकों को परेशान न होना पड़े।
काम की तेजी देख दुकानदार खुश
कॉम्पलेक्स के तेजी से चल रहे काम को देख कर दुकानदार भी खुश हो रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि कॉम्पलेक्स का इंतजार करते-करते अभी तक वे वनवास ही भोग रहे हैं। कॉम्पलेक्स के लिए दुकानें हटाने के बाद कई दुकानदारों को जहां अपनी दुकानें ही हटाना पड़ा, वहीं दूसरी ओर कई दुकानदारों ने दुकानें तो लगा ली, लेकिन उपयुक्त लोकेशन नहीं होने के कारण उनका धंधा बुरी तरह से प्रभावित हुआ। व्यवस्थित दुकानें मिलने से अब अब तक हुए नुकसान की भरपाई हो सकेगी।

Fertilizer License: बिना ई-टोकन खाद बिक्री पर सख्ती: 24 फर्मों के लाइसेंस सस्पेंड, 3 समिति प्रबंधक निलंबित
Train Cancelled April India: रेलवे का बड़ा फैसला: कई ट्रेनें रद्द, कुछ बदलेंगी अपना मार्ग, निर्माण कार्यों के चलते लिया निर्णय