Betul News Today: पुल की जगह फिर रपटा बना रहा रेलवे, हादसे के बाद भी नहीं लिया कोई सबक
Betul News Today: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के गंज अंडरब्रिज के पास रेलवे द्वारा पूर्व में की गई गलती को मौका मिलने के बावजूद नहीं सुधारा जा रहा है। पूर्व में की गई गलती के कारण शहर के 2 होनहार युवकों की मौत होने के बावजूद एक बार फिर गंज अंडरब्रिज के पास ऊंचा पुल बनाने के बदले सीमेंट पाइप डालकर आनन फानन में रपटा ही बनाया जा रहा है। जिससे बारिश के दिनों में न सिर्फ अंडरब्रिज में पानी भरने की समस्या रहेगी वहीं अत्यधिक बारिश में रपटा के ऊपर पानी बहने से कार बहने जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने की भी आशंका रहेगी। रेलवे द्वारा बनाए जा रहे रपटे को यदि अभी भी पुल में नहीं बदला गया तो यह समस्या हमेशा के लिए बन जाएगी। जिला प्रशासन एवं नगर पालिका को इस ओर त्वरित निर्णय लेकर रेलवे से बात करना होगा, तब ही रपटे के स्थान पर पुल का निर्माण हो सकता है।
अंडरब्रिज के पास बनाया था रपटा
रेलवे द्वारा पूर्व में बैतूल-मरामझिरी सेक्शन में किलोमीटर 850/38-40 पर विजय भवन के पास गंज में अंडरब्रिज का निर्माण किया गया था। अंडरब्रिज के साइड में ही हाथी नाला पुलिया है। यह लगभग 200 मीटर आगे माचना नदी में मिलता है। रेलवे द्वारा पूर्व में अदूरदर्शिता का परिचय देते हुए अंडरब्रिज से बडोरा की ओर जाने वाली सड़क पर यहां पाइप डालकर रपटा बना दिया गया था। यह बारिश को छोड़कर बाकी समय तो ठीक है, लेकिन बारिश के दिनों के लिए नाकाफी साबित होता है।

अंडरब्रिज में भर जाता है पानी
रेलवे द्वारा अंडरब्रिज के साइड में सीमेंट पाइप डालकर रपटा बनाने से बारिश के दिनों में तेज बारिश होने पर अंडरब्रिज में आए दिन पानी भर जाता था। जिससे घंटों यातायात अवरूद्ध रहता है। बारिश के दिनों में हाथी नाला से आने वाला बारिश का पानी पाइप वाले रपटे से नहीं निकल पाता है जो अंडर ब्रिज में भर जाता है और पूरे बारिश के सीजन में 20 से 25 बार अंडरब्रिज से आवागमन अवरूद्ध हो जाता है।
कार सहित बहने से हुई थी दो युवकों की मौत
लगभग 2 साल पहले इसी रपटे पर इतना अधिक पानी भर गया था कि रपटा पार करने के दौरान शहर के 2 होनहार युवक कार सहित बह गए थे। कार माचना नदी में पहुंचने के पूर्व ही नाले में फंस गई थी, जिससे कार और दोनों युवकों के शव मिल गए थे। यदि कार माचना नदी में चली जाती तो पता नहीं कार और शव भी मिल पाते या नहीं।
अंडर ब्रिज चौड़ीकरण से फिर बन रहा है रपटा
थर्ड और फोर्थ लाइन निर्माण के लिए गंज अंडरब्रिज का चौड़ीकरण किया जा रहा है। जिससे पूर्व में बनाए गए रपटे के ऊपर रेल लाइन बनने से रेलवे को यहां नई व्यवस्था करना है। पुरानी घटनाओं और अंडरब्रिज में पानी भरने की समस्या से निजात पाने यह अच्छा मौका मिला था कि रेलवे यहां पाइप वाले रपटे के स्थान पर बड़े पुल का निर्माण करवा दें। लेकिन, रेलवे द्वारा यहां फिर रपटे का ही निर्माण करना शुरू कर दिया है। इसके लिए नाले में खुदाई कर 5 लाइन में पाइप भी बिछा दिए हैं। जिनके ऊपर शीघ्र ही रपटा बना दिया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों को लेना होगा संज्ञान
रेलवे द्वारा अंडरब्रिज के पास बनाए जा रहे नए रपटे की जानकारी शायद जिले के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को नहीं है। जिससे यहां रपटा निर्माण कार्य शुरू भी हो गया है। शहर के जागरूक नागरिकों का मानना है कि जब नया रपटा बनाया ही जा रहा है तो यहां पुल बनना चाहिए, जिससे भविष्य में अंडरब्रिज में पानी भरने और सड़क के ऊपर पानी आने की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल सके। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को क्विक एक्शन लेते हुए रपटे के स्थान पर पुल बनाने रेलवे अधिकारियों से बात करनी चाहिए अन्यथा एक बार रपटा बन जाने पर शहरवासियों के लिए यह बारिश के दिनों की स्थाई समस्या बन जाएगी।

Fertilizer License: बिना ई-टोकन खाद बिक्री पर सख्ती: 24 फर्मों के लाइसेंस सस्पेंड, 3 समिति प्रबंधक निलंबित
Train Cancelled April India: रेलवे का बड़ा फैसला: कई ट्रेनें रद्द, कुछ बदलेंगी अपना मार्ग, निर्माण कार्यों के चलते लिया निर्णय