Betul SI Suspended: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। पुलिस विभाग में निचले कर्मचारियों से तो नासमझी में कई बार लापरवाही हो जाती है, लेकिन कुछ विरले उदाहरण ऐसे भी मिल जाते हैं जिनमें सब इंस्पेक्टर जैसे उच्च शिक्षित और प्रशिक्षित अधिकारी निचले कर्मचारियों से भी बड़ी लापरवाही कर बैठते हैं। ऐसा ही एक मामला बैतूल में भी सामने आया है। इसमें एक एसआई ने छोटी-मोटी गलती नहीं की बल्कि चार्ज शीट ही गुमा डाली, वह भी एकाध नहीं बल्कि पांच-पांच। इस गंभीर लापरवाही के लिए एसपी ने एसआई को सस्पेंड कर दिया है। 

हाल ही में जिले में गुम हुए चालान (चार्ज शीट) के संबंध में अभियान चलाया गया था। इस अभियान के बाद राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जो रिपोर्ट भेजी गई, उसके अनुसार कुछ चालान गायब पाए गए। वर्तमान में बैतूल गंज थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर पवन कुमरे को थाना बैतूल कोतवाली में पदस्थापना के दौरान अनुसंधान हेतु अपराध क्रमांक 968/21 धारा 457, 380 भादंवि, अपराध क्रमांक 909/21 धारा 294, 323, 506 भादंवि, अपराध क्रमांक 84/20 धारा 294, 323, 353, 336, 109, 34 भादंवि, अपराध क्रमांक 641/21 384, 506, 34 भादंवि और अपराध क्रमांक 743/20 धारा 188, 353, 269 भादंवि दिए गए थे। 

अभी तक पेश नहीं हुए कोर्ट में 

यह पाया गया कि यह चालान अभी तक न्यायालय में पेश नहीं हुए हैं और गुम हो चुके हैं। इन गुम हुए चालानों के संबंध में विधिवत प्राथमिक जांच के आदेश दिए गए। साथ ही इस संबंध में कोतवाली टीआई से लेटेस्ट स्थिति प्राप्त की गई। 

जबरन रखे गए चालान पेंडिंग 

इस प्रतिवेदन से यह स्पष्ट हुआ कि सब इंस्पेक्टर पवन कुमरे द्वारा इन चालानों को अनावश्यक लंबित रखते हुए आज तक न्यायालय में पेश नहीं किया जाना गंभीर लापरवाही का परिचायक है। सब इंस्पेक्टर की इस लापरवाही से पीड़ित पक्ष को न्याय और आरोपी पक्ष को सजा नहीं मिल पा रही है। 

तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित

इसे देखते हुए एसपी श्री जैन ने सब इंस्पेक्टर पवन कुमरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केन्द्र बैतूल अटैच किया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वे बिना वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे तथा रक्षित केंद्र की नियमित गणनाओं में उपस्थित रहेंगे।