MP Board Private Exam Centre Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। माध्यमिक शिक्षा मंडल मप्र द्वारा आयोजित कक्षा दसवी और कक्षा बारवही की प्रायवेट परीक्षा देने वाले जिले भर के परीक्षार्थियों को जिला मुख्यालय आना पड़ेगा। प्रायवेट परीक्षार्थियों की संख्या कम होने से शिक्षा विभाग द्वारा सिर्फ ४ परीक्षा केन्द्र बनाए है, जिसमें तीन जिला मुख्यालय में और एक बैतूल बाजार में बनाया गया है। इसके अतिरिक्त जिले में कहीं भी प्रायवेट परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केन्द्र नहीं बनाए गए है, जिससे जिले के सीमावर्त्ती क्षेत्रों से विद्यार्थियों को सौ किलोमीटर से भी अधिक दूरी तय करके परीक्षा देने आना होगा।

जिले में कुल १२७ परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं जिसमें ११४ में दसवी-बारहवी की ओर १३ परीक्षा केन्द्रों में दसवी की परीक्षा होगी। कुल ३४ हजार २७८ परीक्षार्थी परीक्षा देगें। १२७ परीक्षा केन्द्रों में ४ परीक्षा केन्द्रों को अतिसंवदेनशील और ७ परीक्षा केन्द्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा है। सभी परीक्षा केन्द्रों में कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में एक-एक राजस्व कर्मचारी को पदस्थ किया गया, जो थाने से केन्द्राध्यक्ष के साथ प्रश्न पत्र ले जाने के बाद अपने सामने वितरित करवाएंगे।

३४ हजार परीक्षार्थी होगें शामिल

माध्यमिक शिक्षा मंडल मप्र द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी परीक्षा १० फरवरी से और हाईस्कूल परीक्षा १३ फरवरी से शुरू हो रही है। बोर्ड द्वारा परीक्षा की सभी तैयारियां कर ली गई है। जिले में कक्षा दसवी और बारहवी में कुल ३४ हजार २७८ परीक्षार्थी शामिल होगे। कक्षा दसवी में १८ हजार ८२१ नियमित और ९१३ स्वाध्यायी सहित कुल १८ हजार ८२१ और कक्षा  १२वीं में १३२५० नियमित और १२९४ प्रयावेट सहित १४५४४ परीक्षार्थी शामिल होंगे।

4 अति और 7 संवेदनशील केंद्र

हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा के लिए जिले में कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें शहर के एमएलबी स्कूल, हाईस्कूल सदर, हाईस्कूल गर्ग कॉलोनी और सीएम राइज स्कूल बैतूल बाजार को अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र की श्रेणी में रखा गया है। वहीं आठनेर ब्लॉक के हायर सेकेंडरी स्कूल कांवला, कन्या हायर सेकेंडरी भैंसदेही, बालक हायर सेकेंडरी स्कूल भैंसदेही, कन्या हायर सेकेंडरी चिचोली, उत्कृष्ट विद्यालय भीमपुर, हायर सेकेंडरी विद्यालय चिरापाटला और गुरवा पिपरिया को संवेदनशील परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 

कलेक्टर-जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ले जाएंगे प्रश्र पत्र 

जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन को नोडल अधिकारी, प्रभारी डीईओ भूपेंद्र वरकड़े को प्रभारी एवं उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य सत्येंद्र उदयपुरे को समन्वय अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों में कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में एक-एक राजस्व कर्मचारी की ड्यूटी लगाई है। परीक्षा सामग्री और प्रश्र पत्र का वितरण 6 और 7 फरवरी को होगा। प्रश्र पत्र जिले के 23 पुलिस थाना और चौकियों में रखे जाएंगे। परीक्षा के दिन कलेक्टर प्रतिनिधि और केंद्राध्यक्ष पुलिस स्टेशन से प्रश्र पत्र लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचेंगे।

यहां प्रश्र पत्र बंटवाने के साथ ही परीक्षा शुरू होने के बाद एक घंटे तक कलेक्टर प्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से परीक्षा केंद्र में रहना होगा। सभी कलेक्टर प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण हो चुका है। वहीं सोमवार को परीक्षा केंद्र अध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्षों का भी प्रशिक्षण हो गया है। 6 फरवरी को बैतूल और बैतूल बाजार के परीक्षा केंद्रों को छोड़कर सभी परीक्षा केंद्रों के लिए परीक्षा सामग्री और प्रश्र पत्रों का वितरण होगा। वहीं 7 फरवरी को बैतूल शहर और बैतूल बाजार के परीक्षा केंद्रों के लिए परीक्षा सामग्री वितरित की जाएगी।