Betul Under Bridge Expansion: अंडर ब्रिज विस्तार से पहले वैकल्पिक रास्ता नहीं, जर्जर पुल से होगा आवागमन, गेंदा चौक पर रोज जाम तय
Betul Under Bridge Expansion: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। रेलवे द्वारा विजय भवन गंज के पास स्थित अंडर ब्रिज का विस्तारीकरण कार्य शुरू कर दिया है। अंडर ब्रिज निर्माण होने के पूर्व न तो जिला प्रशासन और न ही नगर पालिका प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था बनाई है। जिससे अंडर ब्रिज से आवागमन बंद करने के बाद यहां से गुजरने वाला पुरा ट्राफिक ओवर ब्रिज से गेंदा चौक होते हुए आएगा। इससे आगामी वैवाहिक सीजन में ओवर ब्रिज से गेंदा चौक तक प्रतिदिन जाम लगेगा। अंडर ब्रिज का विस्तार होने के बाद रामनगर, गर्ग कॉलोनी की ओर बनी सडक़ बंद हो जाएगी। रामनगर-गर्ग कॉलोनी जाने के लिए गंज मोक्षधाम के सामने अंग्रेजों के जमाने में बनी जर्जर पुलिया ही एकमात्र साधन होंगा। इसी पुलिया से भारी वाहन भी गुजरेगे जिससे इसका अधिक समय तक सर्विस देना मुश्किल लग रहा है। यदि उक्त पुलिया टूट जाती है तो रामनगर, गर्ग कॉलोनी पूरी तरह से शहर से कट जाएगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में मुश्किले बढ़ सकती है।
थर्ड-फोर्थ लाईन के लिए हो रहा है अंडर ब्रिज विस्तार
दिल्ली-चैन्नई रेल मार्ग पर रेलवे द्वारा थर्ड लाईन का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है वहीं फोर्थ लाईन भी प्रस्तावित है। बैतूल शहर में सदर से माचना ब्रिज तक थर्ड और फोर्थ लाईन अप मेन लाईन के साईड से रामनगर की ओर से बनेगी। थर्ड और फोर्थ लाईन के लिए विजय भवन गंज के साईड में किलोमीटर ८५०/३८/४० पर बने अंडर ब्रिज का विस्तार किया जाएगा। रेलवे द्वारा अंडर ब्रिज विस्तारीकरण के लिए अतिक्रमण हटा दिया है वहीं फरवरी माह में ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। रेलवे सूत्रों के अनुसार अंडर ब्रिज के पास ही बाक्स बनाकर उसे रोल कर सेट किया जाएगा।

बंद होगी रामनगर सडक़
नया अंडरब्रिज बनने के बाद अंडर ब्रिज से रामनगर की ओर बनी सडक़ बंद हो जाएगी। अंडर ब्रिज से बडोरा की ओर बनने वाली नई सडक़ से मोक्षधाम के सामने से रामनगर-गर्ग कॉलोनी की ओर जाना पड़ेगा। जिसके लिए मोक्षधाम के सामने अंग्रेजो के जमाने में बनी जर्जर पुलिया से गुजरना होगा। इस पुलिया से रामनगर-गर्ग कॉलोनी क्षेत्र के तीनों वार्डों के नागरिकों के साथ ही थर्ड लाईन निर्माण के लिए सामान लेकर आने वाले डंपर भी यही से निकलेगें। इस दौरान यदि उक्त पुलिया क्षतिग्रस्त होती है या टूट जाती है तो रामनगर की ओर वाहन ले जाने का कोई भी मार्ग नहीं बचेगा।
गेंदा चौक पर भी लगेगा जाम
अंडर ब्रिज विस्तार कार्य शुरू होने के दौरान यहां वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। जिससे बडोरा की ओर से शहर आने के लिए ओवर ब्रिज से गेंदा चौक होते हुए एकमात्र रास्ता बचेगा। वत्र्तमान में अंडर ब्रिज में भारी वाहनों के प्रवेश प्रतिबंधित होने से ही गेंदा चौक में जाम की स्थिति रहती है। जब अंडर ब्रिज से आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाएगी तो छोटे-बड़े सभी वाहन गेंदा चौक होते हुए ही शहर आएंगे, इससे ओवर ब्रिज पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा, जिससे प्रतिदिन ही जाम की स्थिति बनेगी। आने वाले समय में वैवाहिक सीजन शुरू हो जाएगा, ऐसे में वाहनों की आवाजाही भी बढ़ जाएगी, जिससे सदर ओवर ब्रिज से गेंदा चौक तक लगने वाले जाम से निजात पाना बड़ी चुनौती रहेगी।
वैकल्पिक व्यवस्था की ओर नहीं है प्रशासन का ध्यान
गंज मोक्षधाम के सामने नाले में अंग्रेजों के जमाने की पुलिया बनी है जो काफी जर्जर हो चुकी है। इस पुलिया की एक दो बार मरम्मत भी हो चुकी है। शहर में अंग्रेजों के जमाने की बनी लगभग सभी पुलियाओं को तोडक़र नए ब्रिज बना दिए गए है, लेकिन इस पुलिया की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। अंडर ब्रिज से रामनगर की ओर जाने एक ओर सडक़ होने से इससे इक्का-दुक्का वाहन ही गुजरते थे, लेकिन अंडर ब्रिज का विस्तार होने के बाद अंडर ब्रिज के पास वाली सडक़ पूरी तरह बंद हो जाएगी। इसी जर्जर पुलिया से रामनगर - गर्ग कॉलोनी जाने वाले सभी वाहन, स्कूल बसें जाएंगी। इतना ही नहीं रेलवे ने माचना ब्रिज पर थर्ड और फोर्थ लाईन के लिए ब्रिज बनने का कार्य भी शुरू कर दिया है। ब्रिज के लिए सामग्री ले जाने वाले डंपर एवं अन्य भारी वाहन भी इसी पुलिया से होकर जाएंगे। जिससे पुलिया से वाहनों की आवाजाही बढ़ जाएगी। ऐसे में पुलिया कभी भी ध्वस्त हो सकती है। यदि प्रशासन द्वारा समय रहते यहां नया पुल निर्माण नहीं किया जाता है या कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनाई जाती है तो भविष्य में परेशानी होना तय है।

Betul Rain News: बैतूल में रिमझिम से मिली राहत, अच्छी पैदावार के लिए अब तेज बारिश की आस
Shahpur Theft Case: पांच महीने बाद चोरी का खुलासा, नरसिंहपुर का आरोपी गिरफ्तार, साथी पर 10 हजार का इनाम