Multai Murder Case: युवती की हत्या का खुलासा, शादी के दबाव में प्रेमी ने ही उतारा मौत के घाट
Multai Murder Case: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में हुई युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती की हत्या उसी के प्रेमी ने की थी। मृतिका आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव डाल रही थी, जबकि वह शादी नहीं करना चाहता था। इसलिए उसने यह खौफनाक कदम उठा डाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि थाना मुलताई पुलिस को ग्राम वलनी में मिले क्षत-विक्षत अज्ञात शव के प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए न केवल शव की पहचान करने में, बल्कि हत्या के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में भी सफलता प्राप्त हुई है।
एक दिन पहले मिली थी सूचना
30 जनवरी को ग्राम वलनी में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर थाना मुलताई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान सूचनाकर्ता गोमा उईके पिता मलकाराम उईके, निवासी ग्राम वलनी ने बताया कि सुबह लगभग 07.30 बजे वह बैल लेकर अपने खेत गया था, जहां उसने देखा कि खेत में चार-पाँच कुत्ते कुछ खींच रहे हैं। पास जाकर देखने पर दुर्गंध आई तथा वहां एक अज्ञात व्यक्ति का अत्यधिक क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला, जिसे कुत्ते नोच रहे थे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अफसर
सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी मुलताई नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल को सुरक्षित कराया गया। पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मुलताई शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए।
मर्ग कायम कर शुरू की गई जांच
सूचनाकर्ता की रिपोर्ट पर मौके पर देहाती मर्ग क्रमांक 00/2026 धारा 194 बीएनएसएस कायम कर मर्ग जांच में लिया गया। मर्ग जांच के दौरान शव पंचनामा, सफीना फॉर्म एवं नक्सा मौका निरीक्षण किया गया। घटनास्थल पर शव/कंकाल के पास टी-शर्ट एवं समीज के टुकड़े मिलने से शव महिला का प्रतीत हुआ।
कपड़ों के आधार पर हुई पहचान
स्थानीय ग्रामीणों, गांव की महिलाओं तथा आसपास के थानों में दर्ज महिला गुमइंसान प्रकरणों की जानकारी के अवलोकन पर अज्ञात मृतिका की पहचान थाना मुलताई के गुमइंसान क्रमांक 17/2026 की गुमशुदा पूजा धुर्वे के रूप में की गई। मृतिका की मां सुनती धुर्वे एवं पिता मन्सू धुर्वे से कपड़ों के आधार पर शिनाख्त कराई गई, जिनके द्वारा शव की पहचान पूजा धुर्वे पिता मन्सू धुर्वे उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम वलनी के रूप में की गई।
हत्या कर गड्ढे में दफनाया गया शव
मर्ग एवं गुमइंसान जाँच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया कि मृतिका की मृत्यु अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को जमीन में गड्ढा खोदकर दफनाने से हुई है। थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 77/26 धारा 103(1), 238(क) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई।
गांव के ही युवक से था प्रेम प्रसंग
एसपी श्री जैन ने बताया कि पूजा धुर्वे का गांव के ही युवक प्रमोद उईके पिता धनराज उईके (26 वर्ष) निवासी ग्राम वलनी से प्रेम प्रसंग था। वह उसके थ्रेशर पर काम करने जाती थी तथा उसके साथ आना-जाना करती थी। जिस दिन से पूजा लापता हुई, उसी दिन से प्रमोद उईके भी गांव एवं घर से गायब है, जिससे उस पर संदेह गहरा गया।
पाढर क्षेत्र से पकड़ा गया आरोपी
कॉल डिटेल रिकॉर्ड के अवलोकन एवं साइबर सेल की सहायता से आरोपी प्रमोद उईके को ग्राम कुप्पा, चौकी पाढर क्षेत्र से बमुश्किल घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी से पूछताछ कर उसका मोबाइल जप्त किया गया। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
इसलिए किया आरोपी ने युवती का मर्डर
एसपी श्री जैन ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को जानकारी दी है कि 18 जनवरी को रात 11 बजे उसने ही पूजा को बुलाया था। वह शादी करने के लिए दबाव डाल रही थी, लेकिन वह शादी नहीं करना चाहता था। इसी बात को लेकर विवाद के बाद प्रमोद ने पूजा की हत्या कर दी और लाश को ठिकाने लगाने के लिए गड्ढा खोदकर गाड़ दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसपी ने की पुलिस टीम की प्रशंसा
पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा इस जघन्य अपराध का त्वरित खुलासा किए जाने पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की गंभीर घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें एवं पुलिस को सहयोग प्रदान करें।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए