Betul Underbridge Expansion: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। रेलवे द्वारा इटारसी-नागपुर के बीच बिछाई जा रही थर्ड लाईन का काम शहर में शुरू हो गया है। तीसरी लाइन के लिए विजय भवन के पास स्थित अंडर ब्रिज की लंबाई बढ़ाकर लगभग दोगुनी की जाएगी। इसके ऊपर से तीसरी लाइन गुजरेगी। वहीं भविष्य में बनने वाली चौथी लाइन के लिए भी स्थान सुरक्षित रहेगा। गंज अंडर ब्रिज की लंबाई बढ़ाने के लिए गुरूवार को अंडर ब्रिज के पास का अतिक्रमण पोकलेन मशीन से हटाया गया। यह अतिक्रमण हटाकर खाली हुई जगह से बडोरा की ओर जाने वाली सड़क बनाई जाएगी। वहीं वर्तमान में रामनगर की ओर जाने वाली सड़क बंद हो जाएगी। गुरूवार को रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी पोकलेन मशीन से पक्का अतिक्रमण हटाया गया। 

रेलवे द्वारा नई दिल्ली-चेन्नई रेल मार्ग में तीसरी लाइन का निर्माण कार्य किया जा रहा है। अधिकतर स्थानों पर तीसरी लाइन बिछ चुकी है एवं जहां तीसरी लाइन का कार्य पूर्ण हो गया है वहां आवागमन भी शुरू हो चुका है। मध्य रेलवे के इटारसी-नागपुर मार्ग पर तीसरी लाइन का कार्य पिछले लगभग दो साल से चल रहा है। तीसरी लाइन का निर्माण कार्य अब शहर में भी पहुंच चुका है। 

रामनगर साइड बिछेगी तीसरी लाइन

घोड़ाडोंगरी-बैतूल के बीच तीसरी लाइन डाउन ट्रैक (नागपुर की ओर) के साईड में बन रही है, लेकिन बैतूल रेलवे स्टेशन डाउन ट्रैक के साइड में होने और जगह नहीं होने से बैतूल शहर में सदर से माचना ब्रिज तक तीसरी लाइन अप ट्रैक (भोपाल की ओर) के साइड में रामनगर की ओर बनाई जाएगी। इसके लिए रामनगर साइड रेलवे की जमीन भी उपलब्ध है जिससे अतिक्रमण हटाने का कार्य भी शुरू हो गया है।

रामनगर साइड बढ़ाया जाएगा अंडर ब्रिज

बैतूल उपमंडल के बैतूल-मरामझिरी सेक्शन के किलोमीटर क्रमांक 850/38-40 में विजय भवन गंज के समीप अंडर ब्रिज बना है। वर्तमान में गंज साइड से अंडर ब्रिज पार करने पर दो सड़कें बनी है। एक रामनगर गर्ग-कॉलोनी की ओर और दूसरी बडोरा की ओर जाती है। रेलवे द्वारा इस अंडर ब्रिज की लंबाई बढ़ाकर लगभग दोगुनी की जा रही है। जिससे रामनगर की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह बंद हो जाएगी। वहीं बडोरा की ओर जाने वाली सड़क लगभग 40 फीट आगे बढ़कर नए सिरे से बनाई जाएगी।  इस सड़क पर पुलिया निर्माण भी किया जाएगा।

अंडर ब्रिज के सामने से हटाया अतिक्रमण

अंडर ब्रिज की लंबाई बढ़ाने गुरूवार को अंडर ब्रिज के पास अतिक्रमण हटाया गया। रेलवे अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में यहां किया गया पक्का अतिक्रमण हटाया गया। रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को पूर्व में ही नोटिस दिया गया था। गुरूवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाने के बाद यहां सड़क का निर्माण किया जाएगा।