► गंज नहीं जा रही चिचोली-भैंसदेही मार्ग से आने वाली यात्री बसे

Ganj Underbridge Repair: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के उपनगर गंज क्षेत्र में विजय भवन के पास स्थित अंडरब्रिज में पिछले लगभग ५ माह से चल रहे मरम्मत कार्य की धीमी गति ५ सैकड़ा से अधिक गांव के ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। निर्माण कार्य के चलते अंडरब्रिज से भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक से परतवाड़ा भैंसदेही, इंदौर, चिचोली, भीमपुर की ओर से प्रतिदिन आने वाली लगभग एक सैकड़ा यात्री बसे उपनगर गंज बस स्टैंड नहीं आ पा रही है। इस मार्ग से आने वाली यात्री बसों द्वारा गंज क्षेत्र की सवारियों को कारगिल चौक पर ही उतार दिया जाता है। जिससे रेलवे स्टेशन के साथ ही गंज आने वाले यात्रियों को गंज पहुंचने के लिए ऑटो का अतिरिक्त शुल्क देना पड़ रहा है। मरम्मत कार्य शुरू होने को लगभग ५ माह का समय हो चुका है, लेकिन २५ फीसदी कार्य भी नहीं हो पाया है।

रेलवे द्वारा करवाई जा रही है मरम्मत

मध्य रेल बैतूल उपमंडल अन्तर्गत बैतूल-मरामझिरी सेक्शन के किलोमीटर ८५०/३८-४० में विजय भवन गंज के समीप शेड अंडर ब्रिज के दोनों ओर फ्लोरिंग और ड्रेनेज का कार्य किया जा रहा है। यहां लगभग एक फीट मोटी पुरानी सड़क की खुदाई कर नए सिरे से सड़क निर्माण किया जा रहा है। ड्रेनेज का कार्य अभी शुरू ही नहीं हुआ है।

पांच माह में २५ फीसदी भी नहीं हुआ काम

अंडरब्रिज में मरम्मत कार्य गत वर्ष सितम्बर माह में शुरू किया गया था।  मरम्मत कार्य शुरू होने से अंडरब्रिज से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया था। मरम्मरत कार्य माह चींटी चाल से चल रहा हे। जिसके चलते पिछले पांच माह में अंडरब्रिज से विजय भवन तक मात्र आधी सड़क ही बन पाई है वहीं आधी सड़क की खुदाई की गई है। दूसरे साईड काम ही शुरू नहीं हुआ है वहीं ड्रेनेज का कार्य भी अभी शुरू नहीं हुआ है। निर्माण कार्य की गति देखकर लग रहा है उक्त कार्य एक साल में भी पूर्ण नहीं हो पाएगा।

गंज आना बंद हुई यात्री बसें

परतवाड़ा, भैंसदेही, दामजीपुरा, भीमपुर, इंदौर, हरदा, खंडवा, चिचोली ओर से प्रतिदिन लगभग एक सैकड़ा से अधिक गांव के ग्रामीण जिला मुख्यालय आते है। पहले इस ओर से दिन के समय आने वाली लगभग सभी यात्री बसे अंडरब्रिज से गंज बस स्टैंड आती थी और यहां गंज की सवारी उतार कर कारगिल चौक होते हुए कोठीबाजार बस स्टैंड पहुंचती थी। जिससे शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गंज, रेलवे स्टेशन सहित गंज रहवासी क्षेत्र में आने वाले यात्री गंज बस स्टैंड पर उतर जाते थे। जब से अंडर ब्रिज में मरम्मत कार्य शुरू हुआ हैं बसे ओवरब्रिज से गेंदा चौक, कारगिल चौक होते हुए कोठीबाजार बस स्टैंड चली जाती है। गंज जाने वाले यात्रियों को कारगिल चौक पर उतार दिया जाता है। जिससे यात्रियों को ऑटो या अन्य साधन से गंज जाना पड़ता है। रात के समय यह समस्या और अधिक बढ़ जाती है। बैतूल से जाते समय बसे जरूर गंज बस स्टैंड होकर जाती हैं, लेकिन अंडर ब्रिज की मरम्मत कार्य के चलते बैतूल आने के दौरान गंज नहीं आती है। यात्रियों ने बैतूल आने के दौरान भी यात्री बसों को कारगिल चौक से गंज बस स्टैंड ले जाने की मांग की है।