ANC Registration Betul: स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही पर बड़ा एक्शन; निलंबन, वेतन काटने और नोटिस की कार्रवाई
ANC Registration Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने निलंबन और अवैतनिक किए जाने जैसी सख्त कार्रवाई भी की है।
बैठक में गर्भवती माताओं के एएनसी पंजीयन की समीक्षा के दौरान अन्य विकासखंडों की तुलना में कम प्रगति एवं लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायत पर घोड़ाडोंगरी विकासखंड के बीई को निलंबित किया गया। वहीं चौथी एएनसी पंजीयन में कम प्रगति पाए जाने पर शाहपुर विकासखंड के बीई, बीसीएम एवं बीपीएम को अवैतनिक करने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आशा, एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पंजीयन की जांच कर समय पर पोर्टल में प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिस्चार्ज से पहले दें परामर्श
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि बाल मृत्यु रोकने के लिए नवजात शिशुओं को डिस्चार्ज के बाद गुणवत्तापूर्ण जांच एवं परामर्श अनिवार्य रूप से दिया जाए। बीएमओ एवं सीडीपीओ को संयुक्त रूप से गृह भेंट करें। महिला एवं बाल विकास विभाग के सुपरवाइजर व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी होम विजिट में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आवश्यकता होने पर बच्चों को एसएनसीयू में भर्ती कराने के भी निर्देश दिए।
बीएमओ करें माइक्रो मॉनिटरिंग
कलेक्टर ने सभी बीएमओ को अपने-अपने क्षेत्र में योजनाओं की माइक्रो मॉनिटरिंग करने तथा कार्यालय कक्ष में आवश्यक कार्यों की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। संपूर्ण टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में उन्होंने निर्देशित किया कि सीमावर्ती जिलों अथवा अन्य स्थानों पर जन्मे लेकिन जिले में निवासरत बच्चों की भी यूवीन पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित की जाए तथा स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के आंकड़ों में कोई विसंगति न रहे।
तीन बीएमओ को जारी होंगे नोटिस
मातृत्व मृत्यु रिव्यू की समीक्षा के दौरान भीमपुर, भैंसदेही एवं शाहपुर के बीएमओ द्वारा रिव्यू नहीं किए जाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए तथा स्पष्ट किया गया कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही जिले में टीबी स्क्रीनिंग का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा सीएसआर एवं जनसहभागिता से निक्षय पोषण बास्केट वितरण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया।
दवाओं की सूची करें चस्पा
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देश दिए कि जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रहे एवं दवाओं की सूची अनिवार्य रूप से केंद्र के बाहर चस्पा की जाए। डिमांड जनरेशन एवं एक्नॉलेजमेंट में लापरवाही करने वाले कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के विरुद्ध भी कार्यवाही की जाएगी।
बेड ऑक्युपेंसी में कम उपस्थिति
साथ ही सिकल सेल एनीमिया से चिन्हित मरीजों के उपचार के लिए जिला अस्पताल सहित भीमपुर एवं भैंसदेही जैसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एनआरसी में बेड ऑक्युपेंसी की समीक्षा में घोड़ाडोंगरी विकासखंड में कम उपस्थिति पाए जाने पर सीडीपीओ सहित सभी सुपरवाइजरों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को दिए गए।

योगी आदित्यनाथ ने थारू परिवारों को दिया जमीन का मालिकाना हक
लंबे समय से चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, जुआरियों में मची भगदड़
अमित शाह का बड़ा बयान, बोले- बंगाल से खत्म होगा ममता का गिरोह
डिवाइडर से टकराई बाइक, सड़क पर घिसटते दिखे युवक, VIDEO वायरल