Municipal Employees Protest: वेतन संकट से नाराज नपा कर्मी: आज से काली पट्टी बांधकर काम, 28 जनवरी से हड़ताल का ऐलान
Municipal Employees Protest: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर पालिका बैतूल पिछले लंबे समय से जैसे भगवान भरोसे चल रही है। आलम यह है कि यहां कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान तक नहीं हो पा रहा है। अभी तक कर्मचारियों ने सब झेल लिया, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार की कोई गुंजाइश नजर नहीं आने पर उनका सब्र भी अब जवाब दे गया है। यही कारण है कि आज नपा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैठक की और बदहाल व्यवस्था का विरोध करने का निर्णय लिया।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मदन विनोदकर के नेतृत्व में आज नपा सभा कक्ष में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक हुई। बैठक का मुख्य मुद्दा अधिकारियों और कर्मचारियों को पिछले कई महीनों से लेटलतीफ वेतन का भुगतान था। बैठक में इस बात को लेकर चर्चा हुई कि हर महीने वेतन भुगतान के लिए राशि नहीं होने का बहाना कर दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर ठेकेदारों को बराबर भुगतान कर दिया जा रहा है। नगर पालिका में पूरे महीने भर काम करने वाले कर्मचारियों को नहीं बल्कि ठेकेदारों को तवज्जो दी जा रही है।
कर्मचारी कर रहे परेशानियों का सामना
हर महीने देरी से वेतन होने के कारण कर्मचारियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे कोई कर्मचारी किराना, दूध की उधारी अदा नहीं कर पा रहे तो कोई बच्चों की फीस नहीं दे पा रहे वहीं कोई ईएमआई नहीं चुका पा रहे हैं। इसके अलावा भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इधर व्यवस्थाएं सुधरने का नाम ही नहीं ले रही हैं।
पहले कभी नहीं थी ऐसी अव्यवस्था
कर्मचारियों का कहना है कि पहले कभी ऐसी अव्यवस्था नहीं थी। बीते 4 महीने से ही यह स्थिति बन रही है। इसे लेकर हाल ही में कर्मचारी विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भी मिले थे। उन्होंने सीएमओ को कॉल किया तो उनसे भी कह दिया गया कि अभी बजट नहीं है, इसलिए वेतन देने में 6-7 दिन लग जाएंगे। इन्हीं सब कारणों से कर्मचारियों ने आंदोलन की राह पर चलने का फैसला लिया है।
काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध
संघ के अध्यक्ष श्री विनोदकर ने बताया कि बैठक में लिए निर्णय के अनुसार नपा के अधिकारी-कर्मचारी मंगलवार से काली पट्टी बांध कर काम करते हुए इस लेटलतीफी का विरोध करेंगे। इसके बाद भी यदि वेतन का भुगतान नहीं होता है और व्यवस्था नहीं सुधरी तो फिर 28 जनवरी से सभी कर्मचारी हड़ताल करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस निर्णय से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त और कलेक्टर बैतूल को भी पत्र लिखकर अवगत करा दिया है।

नए स्मार्टफोन नथिंग फोन (4ए) की है आकर्षक डिजाइन