Blind Murder Case Disclosure: हादसे नहीं, साजिशी हत्याएं: पुलिस ने सुलझाए दो अंधे कत्ल, पांच आरोपी गिरफ्तार
Blind Murder Case Disclosure: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। पुलिस ने जिले के मुलताई और मोहदा थाना क्षेत्र में हुए 2 अंधे कत्लों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। एक मामले में जहां महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है वहीं दूसरे मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि दोनों ही मामलों को हादसे का रूप देने की साजिश हत्या के आरोपियों ने की थी। हालांकि पुलिस गहन जांच-पड़ताल के बाद आरोपियों तक पहुंच कर उन्हें दबोचने में सफल रही। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने आज पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन दोनों मामलों का खुलासा किया। इसके साथ ही इन मामलों की तह तक पहुंचने के लिए दोनों पुलिस टीमों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए 20 हजार रुपये का रिवार्ड दिए जाने का ऐलान किया।
मृतक रखता था बुरी नजर, इसलिए महिला ने करवा दी हत्या
मोहदा पुलिस ने थाना क्षेत्र में मिले एक युवक के शव के मामले में खुलासा किया है। युवक की हत्या एक महिला ने अपने देवर और पड़ोसियों के जरिए करवाई थी। हत्या के बाद घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया। पुलिस ने इस मामले में महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मोहदा पुलिस को 14 जनवरी को सूचना मिली थी कि ग्राम जड़िया एवं रोजड़ीखेड़ा के बीच पुलिया के पास एक अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। इस पर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। एसपी श्री जैन के निर्देश पर एएसपी कमला जोशी, एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य एवं सीन ऑफ क्राइम यूनिट प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सिर में थे धारदार हथियार के निशान
मृतक की शिनाख्त लब्बू पिता सुकु यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी जिरुढाना के रूप में हुई। मृतक के सिर में 5-6 गहरे धारदार हथियारों से किए गए घाव पाए गए। पीएम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण हत्या होना स्पष्ट हुआ।
सड़क दुर्घटना दिखाने का किया प्रयास
आरोपियों द्वारा मृतक के शव को पुलिया के नीचे फेंककर उसके ऊपर मोटर साइकिल रख दी गई थी, जिससे घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके। फरियादी रामप्रसाद पिता सुकु यादव की सूचना पर थाना मोहदा में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा
पुलिस जांच में उजागर हुआ कि कविता यादव के पति की मृत्यु 6-7 महीने पूर्व हो चुकी थी। कविता पर मृतक बुरी नीयत रखता था एवं परेशान करता था। वह बार-बार मिलने जाता था, जिससे परेशान होकर आरोपिया कविता यादव ने अपने देवर एवं पड़ोसी जो महिला के हितैषी थे, के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
साजिश के तहत खेत पर बुलाया
इसके बाद षड्यंत्र के तहत आरोपिया कविता यादव ने मृतक को अपने सांगवानी वाले खेत की टप्पर पर बुलाया। यहां पहले से छिपे अपने साथियों सह-आरोपियों राजू यादव, संतोष यादव एवं रामप्रसाद यादव ने कुल्हाड़ी एवं पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जड़िया एवं रोजड़ीखेड़ा के बीच पुलिया के पास फेंक दिया गया, जिससे घटना को दुर्घटना के रूप में दिखाया जा सके।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में आरोपी कविता पति स्वर्गीय श्रीराम यादव उम्र 30 वर्ष, राजू पिता तिलक यादव उम्र 31 वर्ष, संतोष पिता लुटिया यादव उम्र 30 वर्ष और रामप्रसाद पिता रामाधार यादव उम्र 30 वर्ष, सभी निवासी ग्राम जिरुढाना को गिरफ्तार किया है।
मामूली विवाद में गला दबाकर की हत्या, कुएं में मिला था शव
मुलताई पुलिस ने मासोद पुलिस चौकी क्षेत्र में एक कच्चे कुएं में मिले युवक के शव के मामले का पर्दाफाश किया है। युवक की हत्या मामूली विवाद में की गई थी। इस घटना को भी हादसा दिखाने के लिए कुएं के पास शराब की बोतल रख दी गई थी कि युवक नशे में कुएं में गिर गया होगा। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मासोद चौकी में 14 जनवरी को सूचना मिली थी कि ग्राम रगड़गांव, चारसी रोड स्थित महंगू कुमरे के खेत के पास बने कच्चे कुएं में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी रणधीर सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर घटनास्थल को सुरक्षित किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मृतक की पहचान राज पिता स्वर्गीय राजू ठाकुर, उम्र 20 वर्ष, निवासी मासोद के रूप में हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
ममेरे भाई के साथ गया था मुर्गा बाजार
फरियादी चैनसिंह ठाकुर ने बताया कि मृतक राज ठाकुर 13 जनवरी को दोपहर में अपने ममेरे भाई डेविड राजपूत के साथ मोटर साइकिल से ग्राम रगड़गांव (मुर्गा बाजार) गया था। शाम लगभग 5 बजे चारसी रोड के पास राज ठाकुर यह कहकर डेविड से अलग हुआ कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा, किंतु उसके बाद वापस नहीं लौटा। रात्रि लगभग 9.45 बजे मृतक का मोबाइल फोन बंद आने पर परिजनों को शंका हुई। डेविड से पूछताछ करने पर उसने राज के अलग हो जाने की जानकारी दी।
तलाश करने पर नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों द्वारा डेविड को साथ लेकर चौकी मासोद में सूचना दी गई। चौकी स्टाफ एवं डायल-112 की सहायता से रात्रि में रगड़गांव एवं आसपास के खेतों में तलाश की गई, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। सूचना पर एएसपी कमला जोशी, एसडीओपी मुलताई, निरीक्षक आबिद अंसारी प्रभारी क्राइम सीन एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड एवं फिंगर प्रिंट टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
डॉक्टर और डॉग ने दिए सबसे बड़े सुराग
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुएं का पानी खाली कराया, जहां मृतक का शव औंधे मुंह अवस्था में पाया गया। शव का शासकीय अस्पताल आठनेर में पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सक द्वारा जारी शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला दबाने से श्वास अवरोध बताया गया। साथ ही यह साफ कहा गया कि हत्या के बाद शव को कुएं में फेंका गया है क्योंकि मृतक के पेट में पानी नहीं घुसा है। इसके अलावा पुलिस डॉग भी बार-बार एक झोपड़ी तक जा रहा था।
संदिग्ध से पूछताछ में हुआ खुलासा
परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेही अमित कुमरे पिता दम्मूलाल कुमरे, उम्र 19 वर्ष, निवासी रगड़गांव पर संदेह हुआ। उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपराध स्वीकार किया।
इसलिए की थी आरोपी ने हत्या
आरोपी ने बताया कि 13 जनवरी की शाम लगभग 4 बजे चारसी रोड पर मोटर साइकिल से आते समय मृतक द्वारा उसे कट मारा गया, जिससे दोनों में विवाद हुआ। मृतक द्वारा गाली-गलौज एवं थप्पड़ मारने पर आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने अपने गले में पहना गमछा मृतक के गले में डालकर जोर से खींच दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घबराकर आरोपी ने शव को अपनी झोपड़ी में रखा, बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से मृतक का आधार कार्ड छिपाकर शव को कुएं में फेंक दिया तथा मोबाइल, चप्पल व शराब की बोतल इस प्रकार रख दी ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालयीन कार्यवाही की जा रही है।

नए स्मार्टफोन नथिंग फोन (4ए) की है आकर्षक डिजाइन