Betul Railway Station Entry Exit Change: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। रेलवे स्टेशन बैतूल पर अभी तक यात्री टिकट खिड़की से टिकट लेकर सीधे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर चले जाते थे, लेकिन अब टिकट लेने के बाद प्लेटफॉर्म पर पहुंचने लंबा फेरा लगाना होगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य के चलते स्टेशन में जाने और बाहर आने के लिए एंट्री व एग्जिट प्वाइंट बदलने की    तैयारी कर ली गई है। इसके साथ ही फुट ओवर ब्रिज से स्टेशन से बाहर आने वाली सीढ़ी भी निर्माण कार्य के चलते बंद रहेगी। उक्त व्यवस्था अगले 3-4 दिनों में शुरू हो जाएगी। स्टेशन का वर्तमान प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। 

स्टेशन का हो रहा है रिनोवेशन 

बैतूल रेलवे स्टेशन का चयन अमृत भारत स्टेशन के लिए होने के बाद स्टेशन परिसर में कई निर्माण कार्य चल रहे हैं। प्लेटफॉर्म विस्तारीकरण, शेड निर्माण के साथ अन्य निर्माण कार्यों से बैतूल स्टेशन का पूरा स्वरूप ही बदल जाएगा। निर्माण कार्यों के चलते वर्तमान में पूरा स्टेशन अस्त-व्यस्त हो चुका है। 

बंद होगा प्रवेश मार्ग 

बैतूल रेलवे स्टेशन में वर्तमान में मुख्य प्रवेश द्वार फुटओवर ब्रिज के नीचे बना हुआ है। वहीं टिकट खिड़की भी प्रवेश द्वार के बगल में ही है। अभी तक यात्री प्लेटफॉर्म एक पर ट्रेन आ जाने के बाद भी टिकिट लेकर आसानी से प्लेटफॉर्म एकपर या फुट ओवर ब्रिज से प्लेटफॉर्म दो पर पहुंच जाते हैं, लेकिन निर्माण कार्यों के चलते मुख्य प्रवेश द्वार बंद किया जा रहा है। 

डिप्टी एसएस ऑफिस के साइड में बनाया अस्थाई प्रवेश द्वार 

मुख्य प्रवेश द्वार बंद करने के पूर्व ठेकेदार द्वारा डिप्टी एसएस ऑफिस (सिग्रल रूम) के साइड से अस्थाई प्रवेश द्वार बनाया गया है। यात्रियों को साइकिल स्टैंड के सामने से जाकर पानी की टंकी के बगल से प्लेटफॉर्म एक पर पहुंचना पड़ेगा। वहीं प्लेटफॉर्म एक से यात्रियों की निकासी भी यहीं से होगी। ठेकेदार द्वारा यहां सीमेंट की सड़क दी गई है, लेकिन छत नहीं बनाई गई है। 

टिकिट लेने के बाद लगाना होगा लंबा फेरा 

वर्तमान में टिकिट खिड़की प्रवेश द्वार के बगले में ही है। निर्माण कार्य के चलते प्रवेश द्वार तो बंद किया जा रहा है, लेकिन टिकिट खिड़की यथावत रहेगी। टिकिट खिड़की तक पहुंचने के लिए नया रास्ता भी बनाया गया है। अब यात्री को टिकिट लेने के लिए बाद साइकिल स्टैंड तक वापस आना होगा। फिर यहां से डिप्टी एसएस ऑफिस के पीछे से पानी की टंकी होते हुए प्लेटफॉर्म एक पर पहुंचना पड़ेगा। इसके लिए यात्रियों को अब समय के पूर्व स्टेशन पहुंचना पड़ेगा। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आने के बाद टिकिट खरीदकर ट्रेन पकड़ना लगभग नामुमकिन रहेगा। 

बंद रहेगी फुट ओवर ब्रिज की बाहर वाली सीढ़ी

स्टेशन पर प्लेटफॉर्म दो  से एक पर आने के लिए पुराना फुट ओवर ब्रिज बना है। जिससे ब्रिज से प्लेटफॉर्म के बाद बाहर निकलने के लिए भी सीढ़ी बनी है। रामनगर, गर्ग कॉलोनी के निवासी अक्सर इसी ब्रिज से स्टेशन पार करते थे। लेकिन, अब बाहर की ओर उतरने वाली सीढ़ी भी बंद रहेगी। जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म एक पर आकर कर ही फुट ओवर ब्रिज पर चढ़ना या उतरना होगा। इस सीढ़ी के बंद होने से रामनगर, गर्ग कॉलोनी के रहवासियों को भी प्लेटफॉर्म एक पर उतरकर बाहर आना-जाना पड़ेगा। 

पार्किंग नहीं बनाने से भी हो रही अव्यवस्था 

अमृत भारत स्टेशन निर्माण में नई पार्किंग भी बनाई जानी है। वर्तमान में पार्किंग स्टेशन सड़क के अगल-बगल में 2 हिस्सों में बंटी हुई है। ठेकेदार द्वारा पार्किंग के लिए प्लेटफॉर्म भी तैयार कर लिया है, लेकिन पूरा निर्माण नहीं किया है। जिससे दो पहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है। चार पहिया वाहन सड़क पर खड़े करना पड़ रहा है। यदि नई पार्किंग बनकर तैयार हो जाती है तो स्टेशन के सामने बड़ी जगह मिल जाएगी।