► हेमंत की दूरदृष्टि से सौ सालों के ट्रैफिक को देखते हुए हो रहा निर्माण 
► 18.43 करोड़ रुपये के पुल का खंडेलवाल-उइके ने किया भूमिपूजन

Machna Four Lane Bridge Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से बैतूल को आज बड़ी सौगात मिली है। करबला घाट पर आयोजित कार्यक्रम में रविवार को 18.43 करोड़ रुपये लागत के बैतूल-खेड़ी मार्ग पर माचना नदी के पुल एवं पहुंच मार्ग का भूमिपूजन किया गया। यह भूमिपूजन केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके एवं प्रदेश अध्यक्ष व विधायक बैतूल हेमन्त खंडेलवाल द्वारा किया गया। इसके साथ ही शहर और क्षेत्रवासियों द्वारा कई सालों से की जा रही इस पुल की मांग अब जल्द ही पूरी हो जाएगी। 

कार्यक्रम में विधायक महेंद्र सिंह चौहान,चंद्रशेखर देशमुख, डॉ. योगेश पंडाग्रे, गंगाबाई उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, जनपद अध्यक्ष इमला बाई जावलकर, पूर्व विधायक शिवप्रसाद राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का मंच संचालन कमलेश सिंह ने किया।

बहुप्रतीक्षित सौगात की रखी आधारशिला

केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने कहा कि बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के सतत प्रयासों से बैतूल वासियों की बैतूल से खेड़ी मार्ग में माचना नदी पर पुल की बहुप्रतिक्षित सौगात की आज आधारशिला रखी गई हैं। पूर्व सांसद स्व. विजय खंडेलवाल द्वारा प्रारंभ किए गए विकास कार्यों की पताका आज भी निरंतर लहरा रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने गांव-गांव को पक्की सड़कों से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया था। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सड़क, चिकित्सा, कृषि सहित सभी क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।

आज ऐतिहासिक और हर्ष का दिन 

इस अवसर पर विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह बैतूल जिले के लिए ऐतिहासिक और हर्ष का दिन है। बैतूलवासियों की 20-25 वर्षों पुरानी मांग आज साकार होने जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले पुल की प्रस्तावित लागत  और चौड़ाई कम थी, किंतु जनभावना और भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए राशि 6 करोड़ से बढ़ाकर 18 करोड़ तथा चौड़ाई 30 फीट से बढ़ाकर 60 फीट की गई। इससे यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।

पुरानी पुलिया बनी रहेगी जिले की धरोहर

श्री खंडेलवाल ने यह भी कहा कि माचना नदी पर स्थित लगभग 120 वर्ष पुरानी पुलिया जिले की धरोहर है, जिसे आवश्यक सुधार कर प्रतिमा विसर्जन जैसे कार्यों में उपयोग किया जाएगा। नया पुल बैतूल शहर के साथ-साथ घोड़ाडोंगरी, भैंसदेही और आठनेर क्षेत्रों की कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। हरदा-इंदौर फोरलेन मार्ग बनने के बाद बढ़ने वाले यातायात दबाव को भी यह पुल सहजता से संभालेगा।

सौ सालों की जरुरतों का रखा गया ध्यान

विधायक श्री खंडेलवाल ने बताया कि आगामी समय में बैतूल-परतवाड़ा मार्ग तथा बैतूल-आशापुर-बड़वानी-सूरत मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। चूंकि इन सभी मार्गों की कनेक्टिविटी इसी पुल से होगी, इसलिए इसे आने वाले 100 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। उन्होंने पुल स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिले की सभी सड़कों का होगा उन्नयन 

विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल के विकास के लिए प्रत्येक परिकल्पना को साकार किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग एवं ब्रिज कॉर्पोरेशन के माध्यम से जिले की सभी सड़कों के उन्नयन के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैतूल को खेलों का हब बनाने की दिशा में व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। साथ ही जिले के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए कोसमी फेज-2 तथा मोही-चोरपांडरा औद्योगिक क्षेत्र के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है।

ड्रेनेज समस्या के निदान के लिए दिलाएंगे 100 करोड़ 

विधायक श्री खंडेलवाल ने आगे कहा कि बैतूल नगर की ड्रेनेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्र सरकार से 100 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, उद्योग, खेल, पर्यटन, चिकित्सा, कृषि सहित सभी क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर बैतूल को महानगर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

सुव्यवस्थित महानगर के रूप में करेंगे विकसित 

उन्होंने कहा कि बैतूल के समग्र विकास के लिए सभी विधायक प्रतिबद्ध हैं और केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से बैतूल को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाया जाएगा। विधायक श्री खंडेलवाल ने बैतूल को भविष्य में एक सशक्त और सुव्यवस्थित महानगर के रूप में विकसित करने की रूपरेखा की भी जानकारी दी।

18 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य 

एसडीओ ब्रिज गिरीश हिंगवे ने जानकारी दी कि पुल की तकनीकी लागत 10.80 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। 100 मीटर लंबा और 18.50 मीटर चौड़ा, यह 4-लेन पुल होगा, जिसे 18 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के अंत में जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

हेमंत की दूरदर्शिता से बन रहा फोरलेन ब्रिज 

गौरतलब है कि पहले यह ब्रिज केवल टू-लेन का बनना था। इसकी चौड़ाई मात्र 30 फीट की प्रस्तावित थी और राशि 6 करोड़ रुपये स्वीकृत हुई थी। लेकिन, यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक श्री खंडेलवाल ने दूरदर्शिता दिखाई और पाया कि आने वाले सालों में यहां ट्रैफिक का जितना दबाव बढ़ेगा, उसके लिए टू-लेन ब्रिज नाकाफी साबित होगा। यही कारण है कि उन्होंने अपने विशेष प्रयासों से इस ब्रिज को टू-लेन से फोरलेन करवाया और राशि भी बढ़ाकर 18.43 करोड़ रुपये करवाई। इससे एक बार फिर बनने के बाद आने वाले 100 सालों तक इसकी क्षमता में किसी तरह की बढ़ोतरी की आवश्यकता ही नहीं रहेगी।