Machna River Bridge: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बैतूल विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से शहर को एक बड़ी सौगात मिल रही है। इसके साथ ही शहरवासियों की वर्षों पुरानी और बहुप्रतीक्षित मांग भी अब पूरी होने जा रही है। यह सौगात है बैतूल-खेड़ी मार्ग पर करबला घाट स्थित माचना नदी पर पुल का निर्माण। इसका भूमिपूजन 18 जनवरी को किया जाएगा। 

भूमिपूजन केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल करेंगे। इस मौके पर अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। एसडीओ (ब्रिज) ने बताया कि पुल की प्रशासकीय लागत 18.43 करोड़ रुपए तथा तकनीकी लागत 10.80 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है। 100 मीटर लंबा और 18.50 मीटर चौड़ा यह पुल 4 लेन का होगा। निर्माण कार्य को 18 माह की अवधि में पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

दोनों हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी 

इस पुल की लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा मांग की जा रही है। बारिश के मौसम में माचना नदी उफान पर होने से आवागमन बाधित हो जाता है, जिससे आम नागरिकों के साथ ही व्यापार और परिवहन भी प्रभावित होता है। पुल बनने के बाद बैतूल शहर की सीधी कनेक्टिविटी बैतूल-इंदौर नेशनल हाईवे और भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे से हो जाएगी।

एक साथ निकल सकेंगे चार वाहन 

यह पुल फोरलेन होगा, जिससे इस पुल से एक साथ 4 वाहन निकल सकेंगे। वर्तमान पुल संकरा होने के कारण इससे एक ही वाहन निकल पाता है। इस मार्ग से ही भैंसदेही, परतवाड़ा सहित अन्य स्थानों से आवाजाही होती है। इस पुल पर रेलिंग नहीं होने से अक्सर हादसे भी होते हैं।