Municipal Council Meeting: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर पालिका के पदाधिकारियों द्वारा सम्मेलन बुलाने में रूचि नहीं लिए जाने का 'राष्ट्रीय जनादेश' द्वारा मुद्दा उठाए जाने का बड़ा असर हुआ है। खबर के प्रकाशित होते ही नगर पालिका के सम्मेलन की तारीख तय हो गई है। इसकी सूचना भी सभी को दे दी गई है। यह सम्मेलन 21 जनवरी को होगा। इसमें 33 विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे। इससे पहले 7 अगस्त को सम्मेलन हुआ था। 

गौरतलब है कि 'राष्ट्रीय जनादेश' ने विगत 12 जनवरी को 'सम्मेलन बुलाने में बरती जा रही कंजूसी, पार्षदों को नहीं मिल रहा मौका' शीर्षक से इसे लेकर समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसमें खुलासा किया गया था कि वर्तमान परिषद के 40 महीनों के कार्यकाल में मात्र 10 सम्मेलन और 12 पीआईसी की बैठकें हुई हैं। इस खुलासे ने हड़कंप मचा दिया। नतीजतन, नगर पालिका के पदाधिकारियों और अधिकारियों ने तत्काल ही न केवल सम्मेलन कराने का निर्णय लिया बल्कि इसके लिए विषय भी तय कर लिए। आगामी सम्मेलन में कुल 33 विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे। 

जल्द शुरू होगा सीवरेज प्रोजेक्ट का काम 

सम्मेलन में एक महत्वपूर्ण विषय सीवरेज प्रोजेक्ट को लेकर है। इसमें इस प्रोजेक्ट के लिए मेसर्स अक्षिता कंस्ट्रक्शन से प्राप्त न्यूनतम लमसम दर 75 करोड़, 55 लाख, 61 हजार, 246 रुपये की स्वीकृति लेकर विचार और निर्णय होगा। इसी तरह चौपाटी बाजार के नए निर्माण कार्य के लिए प्राप्त दरों की स्वीकृति पर भी निर्णय लिया जाएगा। 

ठोस अपशिष्ट उपभोक्ता प्रभार में बढ़ोतरी 

इसी तरह डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कर रही संस्था की कार्य समयावधि 2 माह बढ़ाने के संबंध में भी विचार कर निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत विभिन्न मदों में उपभोक्ता प्रभार शुल्क में वृद्धि किए जाने के संबंध में भी विचार कर निर्णय लिया जाएगा। वर्ष 2026-27 में वार्डों, व्यवसायिक क्षेत्र, बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई कार्य हेतु 100 श्रमिक निजी एजेंसी के माध्यम से प्राप्त किए जाने के संबंध में विचार कर निर्णय लिया जाएगा। 

बनाया जाएगा नया फिल्टर प्लांट 

नगर की बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए नया फिल्टर प्लांट बनवाए जाने की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने के संबंध में विचार कर निर्णय लिया जाएगा। शहर में अवैध नल कनेक्शनों को वैध किए जाने को लेकर भी चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। विवेकानंद वार्ड में फिल्टर प्लांट के पास जिम हेतु भवन निर्माण कार्य निरस्त करने और ठेकेदार को ब्लैकलिस्टेड करने का निर्णय भी लिया जाएगा। इसके अलावा अन्य विषय निर्माण कार्य से संबंधित है।