Betul Congress Factionalism: जिला कांग्रेस की अनुशासन समिति पर प्रदेश की रोक, बैतूल में खुलकर सामने आई गुटबाजी
Betul Congress Factionalism: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। एक पुरानी कहावत है ''रस्सी जल गई पर बल नहीं गया" यह कहावत इन दिनों जिले की कांग्रेस राजनीति में एकदम सटीक बैठती है। कभी जिले की राजनीति में एकछत्र राज करने वाली कांग्रेस पार्टी आपसी गुटबाजी, एक-दूसरे को मात देने के चक्कर में अर्श से फर्श पर आ गई है। बावजूद इसके जिले में गुटबाजी रूकने का नाम नहीं ले रही है। सभी कांग्रेसी मिलजुल कर विरोधी पार्टी भाजपा से टक्कर लेने के बदले आपस में ही शह और मात का खेल, खेल रहे है। जिन्हें संगठन की जिम्मेदारी मिली है वे संगठन में एक-एक कर विरोधियों का सफाया कर अपना वजन बढ़ा रहे है वहीं दूसरा खेमा संगठन के निर्णयों की खामियां निकाल कर नीचा दिखाने में लगा रहता है। इसी के चलते जिले में चहुंओर कमल खिल रहा है।
ताजा मामला जिला कांग्रेस संगठन द्वारा दो दिन पूर्व ही बनाई गई जिला अनुशासन कमेटी का है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में बनाई गई पांच सदस्यीय अनुशासन कमेटी को दो दिन बाद ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्थगित कर दिया है। वहीं समिति को निरस्त करने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है। इतना ही नहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष को निर्देश भी दिए है कि भविष्य में समिति के गठन से पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अनुमोदन आवश्यक रूप से प्राप्त करें। इसके बाद जिला कांग्रेस द्वारा बनाई गई अनुशासन समिति निरस्त हो गई है।
जिले में कांग्रेस की आपसी गुटबाजी के चलते वर्त्तमान में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। सांसद, पांचों विधायक, जिला पंचायत और अधिकतर नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों में भाजपा के जनप्रतिनिधि काबिज है। जनप्रतिनिधियों के नाम पर कांग्रेस के पास इक्का-दुक्का नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों में ही कब्जा है। इसके बावजूद कांग्रेस के नेता एकजुट होकर भाजपा को टक्कर देने के बावजूद आपस में ही टकरा रहे है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने बनाई थी अनुशासन समिति
जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल ने हाल ही में संगठन में अनुशासन को और मजबूत करने पांच सदस्यीय जिला अनुशासन समिति बनाई थी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय विनोद डागा की अध्यक्षता और मार्गदर्शन में पांच सदस्यी अनुशासन समिति में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अजीत पटेल, नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व उपाध्यक्ष राजेन्द्र जैसवाल, आठनेर ब्लॉक प्रभारी कमलाकर बारस्कर, सारनी के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भगवान जावरे एवं वरिष्ठ नेता देवेन्द्र चंदु गोठी को शामिल किया था।
अनुशासन समिति का गठन संगठन में अनुशासन लाने, किसी प्रकार के विवादित बयान, बेफिजूल बयानबाजी, विरोधाभाषी वक्तव्य या पार्टी विरोधी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के उद्देश्य से बनाई गई थी। इतना ही नहीं जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संविधान की धारा २७ (ख) में प्रदत्त नियमों तथा जिला समन्वय समिति की बैठक के प्रस्ताव क्रमांक ०७ के परिपालन में प्रस्ताव पारित कर अनुशासन समिति का गठन किया गया था।
पीसीसी से हुई थी शिकायत
सूत्रों के अनुसार जिला स्तर पर अनुशासन समिति के गठन को लेकर कई कांग्रेसियों ने आपत्ति जताई थी। खबर है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासन कमेटी की शिकायत मिलने पर इस समिति को निरस्त करने का प्रस्ताव भी भेजा था।
पीसीसी संगठन प्रभारी ने की स्थगित
म.प्र. कांग्रेस कमेटी के महामंत्री, संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने जिला कांग्रेस संगठन बैतूल द्वारा बनाई गई अनुशासन समिति को स्थगित कर दिया है। इस संबंध में डॉ. कामले ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखा है। जिसमें अवगत कराया है कि आपके द्वारा जिला स्तर पर गठित अनुशासन समिति को स्थगित कर दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार समिति के निरस्त करने संबंधी प्रस्ताव को अनुमोदित किया जाता है।
इसके साथ ही जिला कांगे्रस कमेटी को निर्देश दिए है कि भविष्य में समिति के गठन के पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अनुमोदन आवश्यक रूप से प्राप्त करें।जिला कांग्रेस अध्यक्ष और जिला प्रभारी के साथ ही उक्त पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सहप्रभारी श्रीमती उषा नायडू, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं पीसीसी उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे को भी दी है। अनुशासन समिति बनाने और फिर इसे निरस्त करवाने से एक बार फिर कांग्रेस के दोनों गुट आमने-सामने आ गए है जिससे जिले में कांग्रेस की राजनीति गर्मा गई है।

बारामती उपचुनाव में गरमाई विरासत की सियासत, सुनेत्रा पवार ने अजित पवार के काम आगे बढ़ाने का वादा किया
वीरेंद्र सहवाग ने अजिंक्य रहाणे पर साधा निशाना, दी हद में रहने की सलाह
लखनऊ के लिए पहला मैच खेलने को तैयार अर्जुन तेंदुलकर
छत्तीसगढ़ के फार्म में अफ्रीकन स्वाइन फीवर का कहर, 300 सूअरों की मौत
इंटरनेट बंद होने की आशंका के बीच बड़ी खबर: 100, 200, 500 के नए नोट बाजार में आने वाले!
IPL में आज बुमराह vs सूर्यवंशी, सीजन की सबसे बड़ी टक्कर