Betul Railway Station Management: अमृत स्टेशन की आड़ में बदहाली, बैतूल रेलवे स्टेशन बना गंदगी और अव्यवस्था का अड्डा
Betul Railway Station Management: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। रेलवे स्टेशन बैतूल में अमृत भारत स्टेशन के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की आड़ में स्टेशन की सारी व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं। रेलवे प्रबंधन द्वारा निर्माण कार्यों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ लिया गया है। जिसके चलते स्टेशन परिसर में जगह-जगह भिखारियों ने कब्जा कर लिया है। उन्हें भगाने वाला कोई नहीं है। स्टेशन के बाहर बनाया गया सार्वजनिक शौचालय पर भी ताला लगा दिया गया है। वहीं जगह-जगह गंदगी से स्टेशन बजबजा रहा है। यात्रियों को नाक बंद कर गुजरना पड़ रहा है। बावजूद इसके रेलवे प्रबंधन निर्माण कार्यों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहा है।
मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत जिला मुख्यालय बैतूल में स्थित रेलवे स्टेशन को अमृत स्टेशन बनाने कई निर्माण कार्य चल रहे हैं। स्टेशन के बाहर नाली, सड़क निर्माण के साथ ही प्लेटफॉर्म पर शेड विस्तार सहित अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं। निर्माण कार्योँ के लिए ठेकेदार द्वारा जगह-जगह हरी नेट लगाई गई है।
स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की आड़ में दैनिक व्यवस्थाएं भी चरमरा गई हैं। स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही गंदगी का अंबार नजर आने लगता है। यहां प्रोफाइल शीट लगाकर पार्टिशन किया गया है। यात्रियों के आने-जाने के लिए वैसे ही जगह कम है जितनी जगह बची है, उसमें भी कहीं भिखारी सो रहे हैं तो कहीं कुत्ते आराम फरमा रहे हैं। इन्हें उठाने और भगाने की सुध कोई नहीं ले रहा है।
धूल खा रही मशीनें
स्टेशन पर साफ-सफाई करने, पोछा लगाने की मशीनें भी हैं, लेकिन यह मशीनें सीढ़ी के नीचे धूल खा रही हैं। यहां पोछा लगाने वाली 4-5 मशीनें हैं, जिन्हें देखकर आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इनका कई दिनों से उपयोग नहीं हुआ है। परिसर में कई जगह गंदगी फैली हुई है।
प्लास्टिक बॉटल नष्ट करने वाली मशीन बंद
स्टेशन परिसर में प्लास्टिक बॉटल मुक्त समाज बनाने प्लास्टिक की बॉटल नष्ट करने एक मशीन लगाई गई है, लेकिन यह भी कई दिनों से बंद पड़ी है। इस मशीन में बाहर तक प्लास्टिक की बॉटलें भरी हैं, जिन्हें निकालने वाला तक कोई नहीं है।
पब्लिक टॉयलेट में जड़ा ताला
स्टेशन के बाहर यात्रियों की सुविधा के लिए पब्लिक टॉयलेट भी बनाया गया है, लेकिन इसमें ताला लगा दिया गया है। टॉयलेट के आसपास कोई निर्माण कार्य नहीं होना है। इसके बावजूद टॉयलेट के सामने निर्माण सामग्री का कचरा फैला दिया है। जिससे टॉयलेट जाने का रास्ता ही बंद हो गया है। पूरा स्टेशन परिसर अस्त-व्यस्त है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की इस ओर नजर नहीं है। निर्माण कार्य का बहाना बना कर वे अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रहे हैं। इसका खामियाजा प्रतिदिन स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

Manasa में नारकोटिक्स ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
972 करोड़ के टेंडर की डायल 112 गाड़ियां बनी खटारा, कुछ महीनों में ही हालत खराब
रायपुर के काजी आरिफ अली को वक्फ बोर्ड ने किया बर्खास्त
सिंधिया बोले- मुंगावली से है पारिवारिक रिश्ता, आवास देने से पहले लिया वादा
Katni में नकली बीड़ी-सिगरेट का बड़ा खुलासा, छापे में भारी स्टॉक जब्त
शांति बनाए रखने के लिए BJP को रोकना जरूरी: ममता बनर्जी का चुनावी बयान, एकता की अपील