Municipal Tax Dues Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के लोग सुविधाएं नहीं मिलने पर तो हल्ला मचाने में जरा भी देरी नहीं करते, लेकिन उतनी गंभीरता करों की अदायगी में नहीं दिखाते हैं। यही कारण है कि नपा की शहरवासियों पर अभी भी 6 करोड़, 66 लाख से ज्यादा की उधारी बाकी है। हाल ही में नपा ने हर वार्ड में शिविर लगाकर ज्यादा से ज्यादा राशि की वसूली का प्रयास किया। इसमें 27 लाख, 55 हजार रुपये की वसूली आई। हालांकि इसके बावजूद अभी काफी राशि वसूल होना बाकी है। 

इस वित्त वर्ष की शुरूआत में नगर पालिका की कर वसूली की कुल डिमांड 11 करोड़ 63 लाख 93 हजार 335 रुपये की थी। इसमें करीब आधी राशि बीते साल की बकाया राशि थी। अप्रैल से लेकर दिसंबर महीने तक पूरे 9 महीनों में नगर पालिका स्वयं के प्रयासों और लोक अदालतों आदि के जरिए 4 करोड़ 97 लाख 86 हजार 293 रुपये ही वसूल पाई है। अभी भी नगर पालिका को 6 करोड़ 66 लाख 7 हजार 42 रुपये की वसूली होना बाकी है।

बकाया राशि में सबसे ज्यादा संपत्ति कर की 4 करोड़ 7 लाख 53 हजार 626 रुपये, जलकर की 2 करोड़ 4 लाख 82 हजार 218 रुपये और दुकान किराया एवं भवन-भूमि किराया की 53 लाख 71 हजार 198 रुपये हैं। कुल मिलाकर अभी तक संपत्ति कर की 43.01 प्रतिशत, जल कर की 43.70 प्रतिशत और दुकान किराया एवं भवन-भूमि किराया की 36.71 प्रतिशत वसूली ही हो पाई है। ऐसे में बचे हुए मात्र 3 महीनों में भी कुल डिमांड के आसपास पहुंच पाना बेहद मुश्किल लग रहा है। 

नपा के प्रयासों के बावजूद नहीं करते अदा 

ऐसे लोग गिने-चुने ही होते हैं जो कि अपना कर्तव्य समझ कर स्वयं नगर पालिका पहुंच कर या फिर ऑनलाइन अपना बकाया टैक्स अदा करते हैं। अधिकांश लोग तो नगर पालिका द्वारा वार्डों में शिविर लगाने, लोक अदालत का आयोजन करने और घर-घर तक कर्मचारियों के पहुंचने पर भी अपना टैक्स अदा नहीं करते हैं। 

हर वार्ड में लगाए गए वसूली शिविर 

यही कारण है कि ज्यादा से ज्यादा वसूली करने के लिए नगर पालिका ने 16 दिसंबर से 7 जनवरी तक हर वार्ड में वसूली शिविरों का आयोजन किया। इन शिविरों का प्रचार-प्रसार भी किया गया। नपा के इन प्रयासों के चलते वसूली का आंकड़ा कुछ बेहतर हो सका। इन शिविरों के जरिए नगर पालिका ने कुल 27 लाख 55 हजार 26 रुपये की वसूली की। इस दौरान 17 लाख 30 हजार 125 रुपये संपत्ति कर, जलकर 7 लाख 81 हजार 784 रुपये और दुकान किराया के 2 लाख 43 हजार 117 रुपये की वसूली हुई। इस दौरान सबसे ज्यादा वसूली भगत सिंह वार्ड से 3 लाख 28 हजार रुपये की हुई है। 

वसूली बढ़ाने अब करेंगे यह प्रयास 

मार्च का महीना जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे नगर पालिका भी ज्यादा से ज्यादा वसूली का प्रयास कर रही है। नगर पालिका के सहायक राजस्व निरीक्षकों को भी घर-घर जाकर वसूली किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिन कॉलोनियों में ज्यादा संपत्ति कर बकाया है, उन कॉलोनियों पर भी फोकस किया जाएगा। जरुरत पड़ने पर एक बार फिर वसूली अभियान शुरू कर वार्डों में शिविर लगाए जाएंगे। 

जल कर वसूली की इस बार बेहतर स्थिति 

इस साल नगर पालिका द्वारा लिए जाने वाले जल कर की वसूली की बेहतर स्थिति है। पिछले साल कुल डिमांड की मात्र 41 प्रतिशत राशि पूरे साल भर में वसूल हो पाई थी। इस साल दिसंबर महीने तक ही यह आंकड़ा उससे अधिक 43 प्रतिशत हो गया है। वित्त वर्ष खत्म होते-होते यह अभी और बढ़ेगा और काफी अच्छी स्थिति में आने की उम्मीद है।