Employment Fair Jobs: रोजगार मेलों की हकीकत: एक साल में सिर्फ 1359 युवाओं को मिली नौकरी
Employment Fair Jobs: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के दावें जरुर किए जाते हैं, लेकिन इन मेलों के जरिए गिने-चुने युवाओं को ही रोजगार मिल पाता है। बीते एक साल की यदि स्थिति देखे तो मात्र 1359 युवाओं को ही निजी क्षेत्र में नौकरी मिल सकी है। यह बात अलग है कि इसमें से भी कुछ लोग छोड़ चुके होंगे।
प्रदेश शासन द्वारा सरकारी क्षेत्र में पर्याप्त नौकरी के अवसर नहीं होने से निजी क्षेत्र में भी नौकरी दिलवाने के प्रयास करने की बात कही जाती है। इसके लिए जिला रोजगार कार्यालय तथा अन्य विभागों के सहयोग से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसमें निजी कंपनियों को आमंत्रित किया जाता है। यह कंपनियां मेलों में पहुंचती है और अपने लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन करती है।
अभी तक 14 रोजगार मेले आयोजित
वर्ष 2025-26 में अभी तक 14 रोजगार मेलों का आयोजन जिले में किया गया है। इन मेलों में 2600 युवाओं ने पंजीयन कराया था। इनमें से ृ1359 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा रोजगार प्रदान किया गया है। दूसरी ओर बताया जाता है कि इनमें से भी कुछ लोग विभिन्न कारणों से कार्य छोड़कर वापस आ चुके हैं।
मार्गदर्शन के लिए यह टीम एक्टिव
रोजगार संबंधी मार्गदर्शन के लिए भी पूरी टीम एक्टिव है। इसके लिए 10 विषय विशेषज्ञ और 4 काउंसर की सेवाएं वर्तमान में ली जा रही है। यह विशेषज्ञ और काउंसलर स्कूल-कॉलेज में जाकर विद्यार्थियों को उनकी रूचि और काबिलियत के अनुसार रोजगार के लिए उपयुक्त क्षेत्रों का मार्गदर्शन देते हैं। इस कॅरियर काउंसिलिंग के जरिए विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन मिल जाता है।
जिले में 70 हजार बेरोजगार पंजीकृत
उद्योगों की कमी से जिले में बेरोजगारी की स्थिति बेहद खराब है। वर्तमान में जिला रोजगार कार्यालय में करीब 70 हजार बेरोजगार पंजीकृत हैं, जिन्हें रोजगार की दरकार है। इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ हो रहा है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Stray Cattle on Roads: बैतूल की सड़कों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा, राजगढ़ हादसे ने दी चेतावनी
Akhil Bharatiya Bhargava Sabha: देशभर के 120 प्रतिनिधियों ने बनाई रणनीति, जयपुर में होगा भार्गव सभा का वार्षिक अधिवेशन